Explore

Search

May 15, 2026 4:01 pm

एटीएम में मदद के नाम पर ठगी, पुलिस ने जारी की चेतावनी

“एसएसपी रजनेश सिंह ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि एटीएम का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें ,यदि कार्ड स्लॉट में किसी प्रकार की छेड़छाड़ या असामान्यता दिखे, तो उस मशीन का उपयोग ना करें पुलिस को सूचना दें”

बिलासपुर। शहर में एटीएम फ्रॉड का एक नया और चिंताजनक तरीका सामने आया है, जिसमें ठग मदद के बहाने लोगों के बैंक खाते खाली कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार अपराधी एटीएम मशीन के कार्ड स्लॉट में चिपचिपा पदार्थ लगाकर कार्ड फंसा देते हैं और फिर मौके पर मौजूद रहकर पीड़ित को जाल में फंसाते हैं।

जानकारी के मुताबिक, जब ग्राहक कार्ड डालता है तो वह स्लॉट में ही अटक जाता है। इसी दौरान ठग मदद करने का नाटक करते हुए पास आते हैं और पिन नंबर डालते समय उसे देख लेते हैं। बाद में जैसे ही ग्राहक वहां से चला जाता है, आरोपी कार्ड निकालकर खाते से रकम पार कर देते हैं।

एसएसपी रजनेश सिंह ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि एटीएम का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि कार्ड स्लॉट में किसी प्रकार की छेड़छाड़ या असामान्यता दिखे, तो उस मशीन का उपयोग नहीं करना चाहिए।

एएसपी पंकज पटेल ने स्पष्ट किया है कि पिन डालते समय कीपैड को हाथ या शरीर से ढककर रखें और किसी भी अनजान व्यक्ति से सहायता लेने से बचें। यदि किसी कारणवश कार्ड मशीन में फंस जाए, तो तुरंत संबंधित बैंक की हेल्पलाइन या पुलिस को सूचना दें और बिना जानकारी दिए एटीएम स्थल न छोड़ें।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि एटीएम पर चिपके किसी भी अनजान नंबर पर कॉल न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS