
“एसएसपी आईपीएस रजनेश सिंह ने कहा कि बीट सिस्टम के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिल रही है,उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से इसी तरह समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई”
बिलासपुर, 21 अप्रैल 2026। जिले में लागू बीट सिस्टम के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
एसएसपी सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, थाना क्षेत्रों के साथ-साथ अंदरूनी इलाकों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ाने और अपराधों की रोकथाम के लिए बीट सिस्टम लागू किया गया है। इसके अंतर्गत पुलिसकर्मियों को अपने-अपने बीट क्षेत्रों में आपराधिक, सामाजिक, साम्प्रदायिक, राजनैतिक, छात्र एवं श्रमिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा आम नागरिकों से संपर्क बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिसकर्मियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उल्लेखनीय कार्य किया। इनमें वारंट तामिली, अपराधियों की गिरफ्तारी, गुम इंसानों की दस्तयाबी, साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूकता अभियान, एनडीपीएस एवं आर्म्स एक्ट के मामलों में कार्यवाही, तथा बीट क्षेत्र के ग्रामों का व्यवस्थित रजिस्टर संधारण जैसे कार्य शामिल हैं।
थाना मस्तूरी, सरकण्डा, सिविल लाइन, सकरी, कोटा, सिरगिट्टी एवं तोरवा सहित विभिन्न थानों के आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों को उनके कार्य के आधार पर 100 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक के नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। कुछ पुलिसकर्मियों ने हत्या, अपहरण एवं गंभीर अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे विशेष रूप से सराहा गया।
एसएसपी आईपीएस रजनेश सिंह ने कहा कि बीट सिस्टम के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिल रही है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से इसी तरह समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
एसएसपी रजनेश सिंह की यह पहल न केवल पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि आमजन में भी सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत कर रही है।
प्रधान संपादक


