Explore

Search

April 21, 2026 7:20 pm

सुशासन तिहार की तैयारियों में तेजी, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

बिलासपुर, 21 अप्रैल 2026। जिले में 1 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले सुशासन तिहार की तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समय-सीमा की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लगभग 40 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने बताया कि सुशासन तिहार के तहत जिलेभर में समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 31 शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों से पहले संबंधित क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा समस्याओं की अग्रिम पहचान सुनिश्चित करें। साथ ही पिछले वर्ष के लंबित प्रकरणों की पुनः समीक्षा कर प्रत्येक योजना में संतृप्ति स्तर हासिल करने पर जोर दिया गया।

राजस्व विभाग के लंबित सीमांकन प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने अपर कलेक्टरों को स्वयं तहसील स्तर पर जाकर मामलों की समीक्षा करने को कहा। इसके अलावा बकाया भू-अर्जन राशि के समय पर वितरण के भी निर्देश दिए गए।

भीषण गर्मी को देखते हुए बैठक में जल प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि यह समय जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का है। नगरीय निकायों में पेयजल की नियमित जांच, तालाबों के गहरीकरण में जनसहयोग और जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बरगद, पीपल, नीम और करंज जैसे पौधों के रोपण को प्राथमिकता देने और इसे जनआंदोलन का रूप देने की बात कही।

कलेक्टर ने जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए नागरिकों से अधिकाधिक स्व-गणना करने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया सरल है और लगभग पांच मिनट में पूरी की जा सकती है। इसके साथ ही हाई कोर्ट में लंबित जवाब-दावा प्रकरणों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS