
“बड़ी संख्या में पुलिस व नगर सेना के अधिकारी रहे उपस्थित,फायर एक्सटिंगुइशर के सही उपयोग का कराया गया अभ्यास,उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित”
बिलासपुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इस दौरान नगर सेना द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रिवरव्यू तट पर एक भव्य ‘फायर शो’ एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों को आग से बचाव और नियंत्रण के व्यावहारिक उपाय सिखाए गए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल प्रदर्शन तक सीमित न रहकर नागरिकों को आपात स्थिति में आत्मनिर्भर बनाना था। इस दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति से निपटने के तरीके प्रदर्शित किए गए। नगर सेना के प्रशिक्षित जवानों ने बताया कि घबराने के बजाय सही तकनीक, जैसे गीले बोरे का उपयोग, अपनाकर आग पर शीघ्र काबू पाया जा सकता है।

मॉक ड्रिल में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि रही। उपस्थित लोगों ने स्वयं आगे बढ़कर आग बुझाने का अभ्यास किया, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ा और भय कम हुआ। साथ ही, अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंगुइशर) के सही उपयोग का भी प्रदर्शन किया गया और लोगों को इसका अभ्यास कराया गया।

अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों एवं सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनकी कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला सेनानी दीपांकुर नाथ एवं सीएसपी कोतवाली गगन कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आगजनी जैसी घटनाओं में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने अपील की कि किसी भी आगजनी की घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दें तथा प्राथमिक बचाव उपायों की जानकारी रखें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक राम गोपाल करियारे, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, डीएसपी लाइन मंजुला केरकेट्टा, इंस्पेक्टर नगरसेना वेद नारायण सेन सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल और नगर सेना के जवान उपस्थित रहे।
नगर सेना द्वारा संचालित यह जागरूकता अभियान 20 अप्रैल तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य आगजनी से होने वाली जन-धन की हानि को कम करना है।
प्रधान संपादक


