Explore

Search

April 16, 2026 8:19 pm

भीषण गर्मी में बिलासपुर पुलिस की मानवीय पहल: दोपहर में बंद रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल, एसएसपी रजनेश सिंह ने जारी किया निर्देश 

“एसएसपी की इस पहल को शहरवासियों की सुरक्षा और सुविधा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है, जहां कानून के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है”

छत्तीसगढ़।भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच आम नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने एक सराहनीय और जनोन्मुखी पहल की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर दोपहर के समय ट्रैफिक सिग्नल अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश के अनुसार 20 अप्रैल 2026 से प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक शहर के सभी प्रमुख सिग्नल बंद रहेंगे। इसका उद्देश्य यह है कि आमजन, विशेषकर महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग एवं बीमार व्यक्ति तेज धूप में सिग्नल पर खड़े रहने को मजबूर न हों और लू के प्रभाव से बच सकें।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर यह पहल पिछले वर्ष की तरह इस बार भी लागू की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पुलिस की प्राथमिकता केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। भीषण गर्मी में यह कदम पुलिस की संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है।

यातायात एएसपी रामगोपाल करियारे ने आम नागरिकों से अपील की है कि सिग्नल बंद रहने के दौरान भी सभी यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था न हो। विशेष रूप से चौक-चौराहों पर महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित रूप से सड़क पार करने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

इसके साथ ही पुलिस ने यह भी बताया कि सभी प्रमुख चौराहों पर यातायात अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात रहेंगे। यदि किसी व्यक्ति को गर्मी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्या होती है, तो वह तुरंत वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से संपर्क कर सकता है। कंट्रोल रूम के माध्यम से ऐसे व्यक्तियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों को चिकित्सकों द्वारा सुझाए गए गर्मी से बचाव के उपायों का पालन करने की भी सलाह दी है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS