Explore

Search

April 14, 2026 12:55 am

छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली से कराया गया परिचित एसएसपी सिंह की अभिनव पहल, तकनीकी संसाधनों एवं आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट प्रणाली की दी गई विस्तृत जानकारी

छत्तीसगढ़ ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश पर बिलासपुर पुलिस द्वारा जनजागरूकता एवं सहभागिता आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने हेतु लगातार नवाचारपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल के जयंती वर्ष के अवसर पर जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के लिए व्यापक शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष पहल का उद्देश्य युवाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को थाना यातायात, आईटीएमएस, साइबर थाना, डायल 112 तथा थाना तारबहार का भ्रमण कराया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहर के प्रमुख स्थल शहीद विनोद चौबे चौक से हुई, जहां यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एसएसपी रजनेश सिंह की मंशानुरूप छात्र-छात्राओं को आधुनिक उपकरणों जैसे ब्रीथ एनालाइजर, स्पीड राडार गन, इंटरसेप्टर, सीसीटीवी आधारित चालान प्रणाली एवं अन्य तकनीकी संसाधनों की जानकारी दी गई।

इसके पश्चात छात्र-छात्राओं को इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में संचालित आईटीएमएस इंटेलिजेंट ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। यहां विद्यार्थियों को न केवल सिस्टम की कार्यप्रणाली समझाई गई, बल्कि उन्हें स्वयं ट्रैफिक मॉनिटरिंग का अनुभव भी कराया गया। एसएसपी श्री रजनेश सिंह की उपस्थिति में छात्रों ने आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु ऑनलाइन संवाद भी स्थापित किया।

साइबर थाना भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को डिजिटल अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, फेक आईडी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं साइबर सुरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ हील 1930, CEIR एवं अन्य पोर्टलों के माध्यम से त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।

थाना तारबहार में विद्यार्थियों को पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली, CCTNS, FIR पंजीयन, कैरेक्टर वेरिफिकेशन, पासपोर्ट प्रक्रिया, मालखाना प्रबंधन एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने एसएसपी श्री रजनेश सिंह से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

एसएसपी रजनेश सिंह ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से युवाओं में कानून के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। साथ ही वे समाज में जागरूक नागरिक एवं पुलिस के सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बिलासपुर पुलिस के जनजागरूकता अभियान के तहत ब्रांड एंबेसडर के रूप में नामित किया गया, जिससे वे समाज में यातायात नियमों एवं कानून के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय योगदान दे सकें।

इस अवसर पर एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, एएसपी ट्रैफिक राम गोपाल करियारे, एएसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी कोतवाली निमितेश सिंह सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS