बिलासपुर, 4 अप्रैल 2026। कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए सकरी में नवसृजित संभागीय विद्युत कार्यालय सं.सा. संभाग बिलासपुर-2 के प्रारंभ होने पर क्षेत्रीय विधायक अटल श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस मांग को पूरा करने में विभागीय मंत्री एवं तखतपुर के वरिष्ठ विधायक धरमजीत सिंह की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि इस कार्यालय के शुरू होने से कोटा, तखतपुर और बेलतरा क्षेत्र के करीब 164 ग्रामों के निवासियों को सीधे लाभ मिलेगा। अब तक इन गांवों से जुड़े विद्युत कार्यों के लिए लोगों को गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेण्ड्रा रोड स्थित संभागीय कार्यालय तक लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती थी।
उन्होंने बताया कि इस समस्या को देखते हुए उन्होंने 23 फरवरी 2024 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कोटा या उसके समीप संभागीय विद्युत कार्यालय स्थापित करने की मांग की थी। इस मांग को स्वीकार करते हुए शासन द्वारा 1 अप्रैल 2026 को सकरी में कार्यालय का उद्घाटन किया गया, जो अब अस्तित्व में आ चुका है।
विधायक श्रीवास्तव ने राज्य शासन और छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपेक्षा जताई कि नए कार्यालय में जल्द से जल्द आवश्यक स्टाफ और अधिकारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि ग्रामीणों को विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान मिल सके।
प्रधान संपादक


