Explore

Search

March 17, 2026 8:59 pm

कांग्रेस का ऐतिहासिक विधानसभा घेराव, हजारों कार्यकर्ता शामिल

रायपुर, 17 मार्च 2026।छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने विभिन्न जन मुद्दों को लेकर मंगलवार को विधानसभा का घेराव किया। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता भारत माता चौक पर एकत्रित हुए और वहां से विधानसभा की ओर कूच किया। इस प्रदर्शन को पार्टी ने “ऐतिहासिक घेराव” बताया।

प्रदर्शन में मनरेगा से जुड़े बदलाव, बिजली दरों में वृद्धि, किसानों से जुड़े मुद्दे, धान खरीदी, गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी, कानून-व्यवस्था तथा नशे के कारोबार जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस गरीब, मजदूर और वंचित वर्ग की आवाज उठाने के लिए यह आंदोलन कर रही है। उन्होंने मनरेगा कानून में किए जा रहे बदलावों और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए तथा किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राज्यभर से आए कार्यकर्ताओं की भागीदारी इस आंदोलन को ऐतिहासिक बनाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों से आम जनता, किसान और युवा परेशान हैं।

वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और केवल कुछ उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस को गरीब और मजदूर वर्ग की पार्टी बताते हुए आगामी चुनावों में बदलाव का दावा किया।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मनरेगा को कांग्रेस की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण गरीबों के लिए रोजगार का बड़ा साधन रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर योजना को कमजोर करने का आरोप लगाया।

इस दौरान पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बिलासपुर सहित अन्य जिलों से भी कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचे। वरिष्ठ नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास अपने समर्थकों के साथ इस प्रदर्शन में शामिल हुए।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह जी भारी  संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसजनो के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए ।

कांग्रेस ने इस आंदोलन को जनता की आवाज बताते हुए संकेत दिया है कि आने वाले समय में भी ऐसे मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS