Explore

Search

April 20, 2026 6:29 am

डीजल चोरी कर ड्राइवर से लूट करने वाले गिरोह पर रायगढ़ पुलिस का प्रहार,तीन गिरफ्तार स्कॉर्पियो, 170 लीटर डीजल और हथियारनुमा सामान जब्त

“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा जिले में चोरी, लूट और डीजल चोरी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी ?औद्योगिक क्षेत्रों और परिवहन से जुड़े स्थानों पर ऐसे अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा”

रायगढ़, 5 मार्च। जिले में हाईवा वाहनों से डीजल चोरी कर चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, करीब 170 लीटर डीजल, 500 रुपये नगद तथा लोहे का रॉड, डंडा और पाइप बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग की है। हाईवा चालक मुकेश यादव (33) निवासी ग्राम धनवाही, थाना इंदवार, जिला उमरिया (म.प्र.) ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 मार्च की रात वह अपने हाईवा क्रमांक CG 10 BK 9082 को साइडिंग में खड़ा कर वाहन में ही सो रहा था। उसी दौरान रात करीब 3 से 3.30 बजे के बीच तीन अज्ञात लोग उसके वाहन से डीजल चोरी करते मिले।

चालक के शोर मचाने पर आरोपी डीजल का डिब्बा लेकर भागने लगे। कुछ दूरी पर जाकर दो आरोपी वापस आए और चालक से मोबाइल व पैसे की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर उसकी जेब से 500 रुपये लूट लिए और वहां खड़े अन्य हाईवा वाहनों से भी डीजल चोरी करने लगे। बाद में आरोपी करीब 175 लीटर डीजल लेकर सफेद स्कॉर्पियो वाहन से सराईडीपा की ओर फरार हो गए। चोरी गए डीजल की कीमत लगभग 16,500 रुपये बताई गई है।

मामले में थाना तमनार में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 309(6), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश दास मंहत (30), गोविंद सिदार (24) और सुनील यादव (28) निवासी ग्राम चितवाही, थाना तमनार, जिला रायगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सफेद स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 13 AZ 2647, प्लास्टिक गैलनों में भरा 170 लीटर डीजल, 500 रुपये नगद तथा लोहे का रॉड, बांस का डंडा और प्लास्टिक पाइप जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 10 लाख 15 हजार 980 रुपये बताई गई है।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चोरी, लूट और डीजल चोरी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों और परिवहन से जुड़े स्थानों पर ऐसे अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS