रायपुर। विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उत्साहपूर्वक होली का पर्व मनाया। पारंपरिक फाग गीतों और उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच आयोजित इस होली मिलन कार्यक्रम में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री श्री साय को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता के साथ सभी को गुलाल लगाते हुए रंगोत्सव की शुभकामनाएँ दीं और स्नेह, विश्वास तथा आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है तथा जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमें मतभेद भुलाकर मिल-जुलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होली मिलन समारोह में सभी से आत्मीय भेंट कर उन्हें प्रसन्नता हुई। जनप्रतिनिधियों, सहयोगियों और प्रदेशवासियों के साथ स्नेह व विश्वास के रंग साझा करना इस पर्व की विशेषता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों का स्नेह और आशीर्वाद ही जनसेवा के उनके संकल्प को और अधिक सशक्त बनाता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी को होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार, रायपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला सहित मुख्यमंत्री सचिवालय एवं निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रधान संपादक


