रायपुर,नागपुर,। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ ने “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए रीवा इतवारी एक्सप्रेस में हुई स्वर्ण आभूषण चोरी की घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी गया ट्रॉली बैग व लगभग 6.68 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 28 फरवरी 2026 को ट्रेन संख्या 11754 रीवा इतवारी एक्सप्रेस के कोच बी-03 में बर्थ संख्या 12 व 15 पर अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे एक यात्री ने अपना लेदर ट्रॉली बैग बर्थ के नीचे रखा था। 1 मार्च को गोंदिया स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के बाद यात्री की नींद खुली तो बैग गायब मिला। बैग में ज्वेलरी बॉक्स रखा था, जिसमें करीब 6.68 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषण थे।
यात्री की शिकायत पर मामला जीआरपी इतवारी में दर्ज किया गया, जिसे अधिकार क्षेत्र के आधार पर जीआरपी गोंदिया को स्थानांतरित किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ नागपुर दीप चन्द्र आर्य के निर्देशन में विशेष टास्क टीम गठित की गई और महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश की रेल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया गया।
जांच के दौरान बालाघाट और गोंदिया स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान हुई। शिकायतकर्ता द्वारा पुष्टि किए जाने के बाद संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रैक किया गया। आगे की जांच में रायपुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में चारों संदिग्ध दिखाई दिए। इसके बाद आसपास के स्टेशनों और दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में सर्च अभियान चलाया गया।
रायपुर शहर के होटल और धर्मशालाओं के सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक धर्मशाला में चार संदिग्धों के ठहरने की जानकारी मिली। उनके आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के आधार पर लोकेशन ट्रेस की गई, जिससे उनके मध्य प्रदेश के कटनी और मैहर क्षेत्र में होने का पता चला।
रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चारों आरोपियों को कटनी क्षेत्र से चोरी गए ट्रॉली बैग और स्वर्ण आभूषणों सहित गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कौशल (40) निवासी रायबरेली, गोविंद कुमार महतो (32) निवासी बेगूसराय, टुन्ना मंडल (50) निवासी मुंगेर तथा मोहम्मद इम्तियाज (48) निवासी बेगूसराय शामिल हैं।
चारों आरोपियों को जब्त संपत्ति के साथ जीआरपी थाना गोंदिया लाया गया है, जहां उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।
रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुन्नवर खुर्शीद के निर्देशन और मंडल सुरक्षा आयुक्त नागपुर दीप चन्द्र आर्य के मार्गदर्शन में की गई।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सतर्कतापूर्वक निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।
प्रधान संपादक


