Explore

Search

February 21, 2026 5:38 pm

परीक्षा एक पड़ाव है मंज़िल नहीं-बोर्ड परीक्षार्थियों के नाम एसएसपी शशि मोहन सिंह का प्रेरक संदेश

“अपने संदेश में एसएसपी रायगढ़ आईपीएस शशि मोहन सिंह ने सभी परीक्षार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सकारात्मक सोच आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत के साथ परीक्षा दें,रायगढ़ पुलिस विद्यार्थियों के साथ खड़ी है और परीक्षा अवधि के दौरान हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा”

रायगढ़, 21 फरवरी।जिले में बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत के साथ ही रायगढ़ पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था संभालने में जुटी है बल्कि विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में भी संवेदनशील पहल कर रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ आईपीएस शशि मोहन सिंह ने बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए जारी प्रेरणादायक वीडियो सोशल मीडिया में काफ़ी सुर्ख़ियाँ बटोर रही हैं।जारी वीडियो में आत्मविश्वास सकारात्मक सोच और पूरी मेहनत के साथ परीक्षा देने का संदेश दिया है।

अपने संदेश में एसएसपी श्री सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण जरूर है लेकिन इसे जीवन की अंतिम कसौटी समझने की भूल नहीं करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परिणाम चाहे जो भी हो, जीवन में अवसरों की कोई कमी नहीं होती।इसलिए किसी भी तरह के तनाव या दबाव में आए बिना शांत मन और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा लिखें।

एसएसपी श्री सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी इच्छा शक्ति दृढ़ निश्चय और निरंतर मेहनत ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। यदि किसी कारणवश परीक्षा परिणाम अपेक्षा के अनुरूप न आए अंक कम हों या असफलता मिले तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है। जीवन बहुत बड़ा है और सफलता तक पहुंचने के रास्ते अनेक हैं।

उन्होंने अभिभावकों से भी भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि इस समय बच्चों को डांटने या अनावश्यक अपेक्षाओं का बोझ डालने के बजाय उन्हें सहयोग समझ और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा अभिभावकों का सकारात्मक रवैया बच्चों के आत्मविश्वास को कई गुना बढ़ा देता है।

एसएसपी श्री सिंह ने यह भी भरोसा दिलाया कि परीक्षा अवधि के दौरान विद्यार्थियों को शांत और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं डीजे, लाउडस्पीकर या अन्य किसी माध्यम से शोर-शराबा होता है, जिससे छात्रों की पढ़ाई या परीक्षा प्रभावित होती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। ऐसे मामलों में पुलिस संबंधित व्यक्तियों से चर्चा कर सख्त हिदायत देगी, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को परेशानी न हो।

अपने संदेश में एसएसपी रायगढ़ आईपीएस शशि मोहन सिंह ने सभी परीक्षार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सकारात्मक सोच आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत के साथ परीक्षा दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रायगढ़ पुलिस विद्यार्थियों के साथ खड़ी है और परीक्षा अवधि के दौरान हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS