Explore

Search

February 21, 2026 12:46 pm

दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, रेलवे कर्मचारी समेत दो की मौत, एक गंभीर

बिलासपुर। रतनपुर-कोटा मार्ग पर शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रेलवे कर्मचारी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रतनपुर क्षेत्र के भरवीडीह निवासी मनहरण कमल (61) रेलवे में कार्यरत थे और उनकी पोस्टिंग कोटा में थी। शुक्रवार को वे रोज की तरह ड्यूटी पर गए हुए थे। शाम करीब छह बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे कोटा-रतनपुर रोड पर जूनाशहर के पास पहुंचे, उसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मनहरण कमल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार करमा निवासी शिव धनुहार (35) और उसका साथी कृष्णा धनुहार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना रतनपुर पुलिस और एंबुलेंस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। रेलवे कर्मचारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेजा गया। वहीं शिव धनुहार और कृष्णा धनुहार को इलाज के लिए रतनपुर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही शिव धनुहार ने दम तोड़ दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने उसके शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल कृष्णा धनुहार की हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए सिम्स, बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार शनिवार को दोनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

खराब सड़क को बताया जा रहा हादसे का कारण
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जहां पर हादसा हुआ है, उस जगह की सड़क काफी खराब हो चुकी है। कुछ दिन पहले ही सड़क की मरम्मत की गई थी, लेकिन इसके बाद सड़क उबड़-खाबड़ हो गई है। इससे वहां अक्सर वाहन असंतुलित हो जाते हैं और दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार इस संबंध में शिकायत भी की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS