Explore

Search

April 20, 2026 10:00 am

जशपुर में अवैध धान परिवहन पर पुलिस की सख्ती, 84 क्विंटल धान जब्त

जिले में अब तक 41 वाहनों से कुल 2,422 क्विंटल अवैध धान  जब्त 

जशपुर।छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस ने फरसाबहार थाना, तुमला थाना एवं पंडरापाठ चौकी क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहन और एक ट्रैक्टर से कुल 84 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 93 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, 16 और 17 जनवरी की दरम्यानी रात थाना तुमला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से गांझियाडीह होते हुए बिना नंबर का एक संदिग्ध पिकअप वाहन भारी मात्रा में धान लेकर आ रहा है। सूचना पर हाथीबेड़ ग्रामीण मार्ग पर नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में पिकअप से लगभग 60 बोरियों में 24 क्विंटल धान बरामद किया गया।

इसी प्रकार थाना फरसाबहार क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर सुबह करीब 7.30 बजे धौरा सांड जंगल क्षेत्र में पिकअप वाहन क्रमांक OD-16-A-4175 को लावारिस हालत में पकड़ा गया। वाहन से लगभग 50 बोरियों में 20 क्विंटल धान मिला। पुलिस को संदेह है कि यह धान उड़ीसा से छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाया जा रहा था। दोनों मामलों में पिकअप वाहन सहित धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है। वाहन मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं चौकी पंडरापाठ क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान ग्राम सुलेसा के पास एक ट्रैक्टर को संदेह के आधार पर रोका गया। जांच में ट्रैक्टर क्रमांक CG-14-MS-4571 से 100 बोरियों में लगभग 40 क्विंटल धान लदा पाया गया। चालक नारायण राम निवासी सुलेसा वैध दस्तावेज और टोकन प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रैक्टर सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया है।

एसएसपी सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 41 वाहनों से कुल 2,422 क्विंटल अवैध धान पकड़ा जा चुका है।उन्होंने कहा कि अवैध धान परिवहन और बिचौलियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS