Explore

Search

April 20, 2026 10:33 am

शराब कोचियों ने महिला समूह पर किया हमला, ईंट-डंडे से की पिटाई

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के ग्राम अमने में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ नशा मुक्ति अभियान चला रहीं महिलाओं पर शराब कोचियों ने हमला कर दिया। शराब बेचने का विरोध करने पर महिलाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों, डंडे और ईंट से पिटाई किए जाने का आरोप है। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित महिला समूह ने कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


कोटा क्षेत्र के ग्राम अमने में लंबे समय से महिलाओं द्वारा अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। गांव को नशा मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से भारत माता वाहिनी महिला समूह सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। समूह की सचिव सरिता वैष्णव (35) ने बताया कि गांव में अवैध शराब बिक्री पर ग्रामीणों की सहमति से पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे शराब बेचने का प्रयास कर रहे हैं। सरिता वैष्णव के अनुसार शुक्रवार शाम करीब छह बजे सूचना मिली कि आरती भास्कर अपने घर में अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलने पर महिला समूह की सदस्य मौके पर पहुंचीं और उसके घर के सामने विरोध दर्ज कराया। इसी दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति शराब लेकर बाहर निकला, जिसे पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह मौके से भाग निकला। महिलाओं का आरोप है कि इसके बाद आरती भास्कर, भगवती भास्कर और रजौरी भास्कर एकजुट होकर वहां पहुंचे और शराब पकड़ने आई हो कहते हुए महिलाओं को जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोपियों ने महिलाओं के साथ अश्लील गालियां दीं। आरती भास्कर और भगवती भास्कर ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जबकि रजौरी भास्कर ने ईंट के टुकड़े से सरिता वैष्णव की कमर पर हमला कर दिया। घटना के दौरान भगवती जायसवाल, कंचन मरावी सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, तब जाकर मामला शांत हुआ। घटना के बाद महिला समूह में आक्रोश है। महिलाओं ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS