Explore

Search

October 13, 2026 10:09 am

चरित्र शंका पर पत्नी की पिटाई, सिर के बाल काटे, ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप

बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम निपनिया में चरित्र शंका के चलते एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट करने और उसके सिर के बाल काट देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी कार को धौंराभाठा निवासी एक युवक किराए पर ले गया था। बुधवार की शाम वह युवक कार वापस करने घर पहुंचा और चाबी देकर चला गया। उस समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था। युवक के जाते ही महिला की सास लखनबाई और ससुर वहां पहुंचे और महिला पर बेवजह चरित्र शंका करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ देर बाद महिला का पति चंद्रप्रकाश घर लौटा। सास-ससुर ने उसे महिला के बारे में गलत बातें बताईं, जिसके बाद पति भी आवेश में आ गया। महिला के अनुसार, पति ने उसके साथ मारपीट की और कैंची से जबरन उसके सिर के बाल काट दिए। यह पूरी घटना महिला के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद प्रताड़नापूर्ण रही। इसी दौरान महिला का जेठ आत्माराम भास्कर भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने भी महिला के साथ गाली-गलौज की और उसे डराने-धमकाने लगा। शोरगुल और मारपीट की सूचना मिलने पर महिला के मायके पक्ष के लोग वहां पहुंचे और महिला को ससुराल से निकालकर अपने साथ ले गए। घटना से आहत महिला अपने परिजनों के साथ बिल्हा थाने पहुंची और पति, सास, ससुर व जेठ के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि ससुराल पक्ष द्वारा उसे लगातार मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी और इस घटना ने उसकी गरिमा और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई है। बिल्हा थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS