Explore

Search

January 19, 2026 3:08 pm

जंगल में अवैध शिकार के दौरान युवक की मौत, फरार शिकारी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के नर्मदा डिंडोल जंगल में अवैध शिकार के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।


एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि नर्मदा डिंडोल के जंगल में कुछ लोगों द्वारा जंगली जानवरों के शिकार के उद्देश्य से जीआई तार में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। इसी दौरान अयोध्या सिंह खुसरो(35) निवासी ग्राम छिरहापारा, चौकी जुनापारा, थाना तखतपुर, जंगल में गया हुआ था। दुर्भाग्यवश वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह पूरा मामला अवैध शिकार से जुड़ा हुआ है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर  कार्रवाई करते हुए पहले चरण में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया था। हालांकि, घटना के बाद से दो आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी तलाश लगातार की जा रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गांव आए हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर ग्राम नर्मदा डिंडोल में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मनहरण सिंह उर्फ नवापरिहा (50) निवासी नर्मदा डिंडोल तथा मालिकराम मरावी (27) निवासी धनरास को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


जंगल में करंट से हो रहा शिकार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जंगल में करंट लगाकर शिकार करना न केवल वन्यजीव संरक्षण कानूनों का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी अत्यंत खतरनाक है। इस तरह की घटनाओं में कई बार निर्दोष लोग भी शिकार बन जाते हैं। बताया जाता है कि जंगल से लगे गांव के लोग करंट या जाल लगाकर वन्य प्राणियों का शिकार कर रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद वन विभाग की टीम अलर्ट है। इधर पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अवैध शिकार या इस तरह की गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस या वन विभाग को दें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS