
“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में गौवंश तस्करी एवं पशु क्रूरता के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति ,अवैध परिवहन करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी”
रायगढ़, 4 मार्च। जिले में गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घरघोड़ा एवं लैलूंगा थाना क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो पिकअप वाहन जब्त कर 18 गौवंश को तस्करी से मुक्त कराया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार अवैध रूप से गौवंश को बिना चारा-पानी के निर्दयतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था।
घरघोड़ा थाना क्षेत्र में कार्रवाई
थाना घरघोड़ा पुलिस को 2 मार्च को सूचना मिली थी कि ग्राम कुडूमकेला क्षेत्र में दो पिकअप वाहनों (CG-13-AK-5603 एवं CG-13-AQ-7900) में 10 गौवंश को रस्सियों से बांधकर अवैध रूप से ले जाया जा रहा है।
सूचना पर तत्काल दबिश देकर पुलिस टीम ने पांच आरोपियों आत्माराम चौहान, शंभुसाय पैंकरा (जशपुर), संतोष कुमार राठिया, विजय कुमार मांझी एवं बुधराम राठिया (जिला रायगढ़) को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 10 नग बैल, 10 रस्सियां तथा परिवहन में प्रयुक्त दो महिंद्रा पिकअप वाहन जब्त किए गए। पशु चिकित्सक से परीक्षण के बाद गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।मामले में अपराध क्रमांक 75/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धाराओं 4, 6, 10 एवं 11 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
लैलूंगा थाना क्षेत्र में सतत कार्रवाई
इसी क्रम में 3 मार्च को होली ड्यूटी के दौरान पेट्रोलिंग कर रही लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति तोलमा-जरलापारा मार्ग से 8 गौवंश को मारते-पीटते उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी गोपी यादव (45 वर्ष) एवं सुकरू लकड़ा को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 8 नग गौवंश अनुमानित कीमत 1,20,000 रुपये बरामद किए गए।
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धाराओं 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में गौवंश तस्करी एवं पशु क्रूरता के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि अवैध परिवहन करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि गौवंश तस्करी या पशु क्रूरता की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
प्रधान संपादक


