Explore

Search

January 19, 2026 3:09 pm

मदद का भरोसा देकर महिला का शारीरिक शोषण, सामाजिक संगठन से जुड़ा पदाधिकारी गिरफ्तार

बिलासपुर। लापता पति की तलाश में मदद की उम्मीद लेकर सामाजिक संगठन के एक पदाधिकारी के पास पहुंची महिला के साथ विश्वासघात और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सरकंडा थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसका पति वर्ष 2022 में बिना बताए घर से कहीं चला गया था। इस संबंध में उसने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। इसके अलावा वह खुद भी अपने पति की तलाश में प्रयास कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान राजकिशोर नगर निवासी और एक सामाजिक संगठन के विभाग मंत्री राजीव शर्मा (42) से हुई। आरोपी ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उसके पति को खोजने में मदद करेगा। इसी बहाने दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। महिला का आरोप है कि आरोपी ने सहानुभूति दिखाते हुए उसकी मदद करने, साथ रहने और पत्नी की तरह रखने की बातें कहीं, जिससे वह उसके झांसे में आ गई। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2022 में आरोपी उसे राजकिशोर नगर स्थित अपने घर ले गया, जहां उसने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब महिला ने उससे विवाह की बात कही तो आरोपी ने उसके बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देना शुरू कर दिया। महिला ने यह भी बताया कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई थी। जानकारी होने पर आरोपी ने जबरन गर्भपात करा दिया। कुछ समय बाद वह पुनः गर्भवती हुई, जिससे उसने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद आरोपी ने बच्ची को उठा लेने और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आखिरकार पुलिस का सहारा लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सीएसपी ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और पीड़िता को आवश्यक संरक्षण व सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS