Explore

Search

February 4, 2026 1:51 pm

वीडियो: हैप्पी स्ट्रीट के कपड़ों की दुकान में लगी आग, पुलिस ने शटर तोड़कर पाया काबू

बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हैप्पी स्ट्रीट स्थित एक कपड़ों की दुकान में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। पुलिस और दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया।

कोतवाली टीआई देवेश राठौर ने बताया कि हैप्पी स्ट्रीट स्थित उक्त दुकान को फेरी लगाकर कपड़े बेचने वाले एक व्यापारी ने किराए पर लिया है। व्यापारी दिन में शहर के अलग-अलग इलाकों में फेरी लगाकर कपड़ों की बिक्री करता है और रात में अपना पूरा सामान इसी दुकान में सुरक्षित रख देता है। रविवार को वह संडे मार्केट में दुकान लगाने गया था। दिनभर की बिक्री के बाद उसने रात में सारा कपड़ा समेटकर हैप्पी स्ट्रीट स्थित दुकान में रखकर ताला लगा दिया था। रात करीब 10 बजे आसपास के लोगों ने दुकान के भीतर से धुआं निकलता हुआ देखा। शुरुआत में लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि दुकान में ताला लगा हुआ है और आसपास मौजूद लोगों को दुकान संचालक की कोई जानकारी नहीं थी।

आग के तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए पास की दुकानों में भी खतरा बढ़ने लगा था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने बिना देर किए दुकान का शटर तोड़ने का निर्णय लिया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसी दौरान फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का कार्य शुरू किया और काफी प्रयासों के बाद देर रात आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS