Explore

Search

May 10, 2026 4:26 pm

दो साल तक पीछा कर स्कूली छात्रा को प्रेमजाल में फंसाया, दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने करीब दो वर्षों तक छात्रा का पीछा कर उसे प्रेमजाल में फंसाया और अलग-अलग मौकों पर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोटा के पड़ावपारा में रहने वाला आसिफ खान (21) रतनपुर क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग छात्रा का स्कूल आने-जाने के दौरान पीछा करता था। शुरुआत में वह छात्रा से बातचीत करने का प्रयास करता रहा और धीरे-धीरे उसके करीब आने लगा। नाबालिग होने के बावजूद आरोपी ने उसे अपने झांसे में लेकर प्रेम का दिखावा किया और विश्वास जीत लिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए कई बार उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इस दौरान वह छात्रा को धमकाता और डराता भी रहा, जिससे वह लंबे समय तक किसी को कुछ बता नहीं सकी। समय बीतने के साथ आरोपी का व्यवहार और अधिक परेशान करने वाला हो गया। वह छात्रा पर दबाव बनाने लगा और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। आरोपी की हरकतों से तंग आकर आखिरकार किशोरी ने हिम्मत जुटाई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों के साथ वह रतनपुर थाना पहुंची, जहां मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की और उसे कोटा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के खिलाफ महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS