बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के चोरभट्ठीखुर्द में पूर्व सरपंच की हत्या के मामले को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने खेत में जाने का रास्ता रोकने की रंजिश में हत्या की थी। आरोपी युवकों को न्यायालय में पेश किया गया है।

सकरी क्षेत्र के चोरभट्ठीखुर्द में रहने वाले मनबोध यादव(40) पूर्व सरपंच थे। बुधवार की रात वे स्कूटी लेकर घुमने के लिए निकले थे। इसके बाद वे घर नहीं लौटे। सुबह गांव के लाेगों ने उनकी लाश गांव के तालाब के पास देखकर स्वजन को सूचना दी। तब परिजन मौके पर पहुंचे, मनबोध के बेटे मयंक ने घटना की शिकायत सकरी थाने में की। इस पर सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि मनबोध का गांव के गौतमचंद साहू(33) से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच आए दिन खेत के रास्ते को लेकर विवाद हो रहा था। वहीं, कुछ लोगों ने बताया कि बुधवार की रात पूर्व सरपंच गांव के अजय ध्रुव(22) को साथ लेकर शराब पीने के लिए गया था। इस पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो दोनों गोलमोल जवाब दे रहे थे। कड़ाई करने पर दोनों टूट गए। गौतम ने बताया कि उसका खेत पूर्व सरपंच के खेत के पास ही है। पूर्व सरपंच हर साल फसल कटाई के दिनों में उनके खेत में जाने का रास्ता रोक देता था। इस बात को लेकर उनका हर साल विवाद होता था। इस साल भी उसने अपना फसल काट लेने के बाद खेत में पानी छोड़ दिया। इसके कारण गौतम के खेत में जाने का रास्ता बंद हो गया। इस बात को लेकर गांव के प्रमुख लोगों से चर्चा भी की थी। इसी बात को लेकर गौतम और उसका भाई पूर्व सरपंच से रंजिश रखे थे। उन्होंने पूर्व सरपंच को रास्ते से हटाने के लिए गांव के अजय ध्रुव को शामिल कर लिया। बुधवार को मनबोध शराब पीने के लिए डिस्पोजल लेने अजय की दुकान में आया। यहां से वह अजय को लेकर गांव के तालाब के पास शराब पीने के लिए गया। अजय ने इसकी जानकारी गौतम को दी। तब गौतम अपने भाई गुलाबचंद के साथ मौके पर पहुंचा। उन्होंने टंगली से पूर्व सरपंच पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। इसके बाद उसकी स्कूटी को तालाब में फेंककर भाग गए। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
टीम में ये रहे शामिल
पूर्व सरपंच की हत्या के मामले को सुलझाने एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसपी राजेंद्र जायसवाल, सीएसपी निमितेष सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया। इसमें थाना प्रभारी विजय चौधरी, एएसआइ सुरेंद्र तिवारी, राजकुमार वस्त्रकार, प्रधान आरक्षक रविकुमार लहरे, लक्ष्मीकांत कश्यप, आरक्षक सुमंत कश्यप, रूपेश कौशिक, आशीष शर्मा, अमित पोर्ते, कलीराम यादव, मनोज बघेल, विनोद शास्त्री, पवन बंजारे शामिल रहे।
प्रधान संपादक


