Explore

Search

November 28, 2025 5:40 am

धान से भरे ट्रैक्टर की टक्कर बाइक सवार की मौत, दो लड़कियां गंभीर

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के जरामनगर मोड़ स्थित मोहतरा चौक में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धान से भरा तेज रफ्तार ट्रैक्टर बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए निकल गया, जिससे बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक में सवार दो लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मस्तूरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चिल्हाटी निवासी सिद्धू सिदार बुधवार को अपने गांव की परिचित लड़कियों प्रीति और रिया साहू के साथ जांजगीर-चांपा जिले के जावलपुर जर्वे से चिल्हाटी लौट रहे थे। तीनों एक ही बाइक में सवार होकर शाम करीब 6:45 बजे मोहतरा चौक के पास पहुंचे। इसी दौरान मस्तूरी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे धान लदे ट्रैक्टर ने अचानक बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिद्धू सिदार सड़क पर गिरकर घायल हुआ और कुछ ही मिनटों में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में प्रीति और रिया भी बुरी तरह घायल हो गईं। प्रीति के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि रिया के पैर और होंठ बुरी तरह जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना एंबुलेंस सेवा को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस के चालक खाम्बन साहू और मेडिकल स्टाफ सीमा कर्ष मौके पर पहुंचे। दोनों ने घायल लड़कियों को प्राथमिक उपचार देते हुए मस्तूरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं, युवतियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल सिम्स रेफर कर दिया। बाद में परिजन बेहतर उपचार के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। दूसरी ओर, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक सिद्धू सिदार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मस्तूरी पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


चौक पर आए दिन होते हैं हादसे
आसपास के लोगों ने बताया कि मोहतरा चौक के आसपास अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बावजूद इसके ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। वाहनों की रफ्तार के कारण होने वाले हादसों पर लगाने की मांग की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS