Explore

Search

June 23, 2026 8:35 pm

तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल हुई छात्रा, आरोपी ड्राइवर फरार

बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के बहतराई अटल चौक में शुक्रवार की दोपहर तेज रफ्तार कार ने स्कूल जा रही छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा के पैरों और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं अनियंत्रित कार सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गई। घटना के बाद कार का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सरकंडा क्षेत्र के बहतराई रामायण चौक निवासी किसान दीनू साहू ने पुलिस को बताया कि उनकी भतीजी वर्षा साहू शुक्रवार को स्कूल जाने निकली थी। दोपहर में वह बहतराई अटल चौक के पास पहुंची ही थी कि अचानक तेज गति से आ रही कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गई। उसके पैरों और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं। इधर, छात्रा को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गया। इस बीच आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही दीनू साहू अपने बड़े भाई दुर्गेश और अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने इसके बाद सरकंडा थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने छात्रा को टक्कर मारने वाली कार को जब्त कर लिया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS