Explore

Search

October 25, 2026 6:58 am

यातायात नियम तोड़ने पर 610 चालकों के लाइसेंस निरस्त

बिलासपुर। शहर में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले 610 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।


एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि यातायात पुलिस की प्राथमिकता सड़क हादसों पर अंकुश लगाना है। इसके तहत नशे की हालत में गाड़ी चलाना, तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना, मोबाइल फोन का उपयोग करना और खतरनाक तरीके से स्टंटिंग जैसे मामलों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इन उल्लंघनों में पकड़े गए चालकों के प्रकरण न्यायालय में पेश किए जाते हैं और आरटीओ कार्यालय को निलंबन का प्रस्ताव भेजा जाता है। इसी तरह सड़क हादसों में दोषी पाए गए चालकों के खिलाफ भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस केवल शराब पीकर गाड़ी चलाने पर ही नहीं, बल्कि अन्य गंभीर उल्लंघनों जैसे मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने, ट्रैफिक सिग्नल जम्प करने और ओवरस्पीडिंग के मामलों में भी कठोर कार्रवाई कर रही है। इन मामलों में अब तक 610 चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही पूरी की गई है।

आटोमेटिक सिस्टम से हो रही निगरानी
एएसपी करियारे ने आगे बताया कि बार-बार नियम तोड़ने वालों पर ‘आटोमेटिक सिस्टम’ से कार्रवाई हो रही है। ट्रैफिक कैमरों और डिजिटल रिकॉर्डिंग के जरिए ऐसे चालकों का डाटा स्वतः न्यायालय और आरटीओ कार्यालय को भेजा जाता है। इसके आधार पर न्यायालय में मामला पेश होता है और आरटीओ द्वारा लाइसेंस निलंबित या निरस्त किया जाता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS