बिलासपुर। तखतपुर नगर में जन्माष्टमी के दिन गौमांस बिक्री की सूचना से माहौल गर्मा गया। वार्ड क्रमांक पांच में शनिवार दोपहर कुछ लोग गौमांस काटकर बेचने की फिराक में थे। सूचना पर हिंदू संगठन से जुड़े लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इसी दौरान तखतपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़कर थाने लाया और बड़ी मात्रा में जब्त किए गए मांस को जांच के लिए लैब भेजा।


कोटा एसडीओपी नुपूर ने बताया कि तखतपुर के वार्ड पांच में संजय खेस और राहुल मसीह गौमांस बेचने के लिए काट रहे थे। पुलिस ने संजय खेस और शाहुल मसीह को हिरासत में लिया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान इस पूरे मामले में अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। इधर घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन से जुड़े लोग थाना पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर उन्हें शांत कराया और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पहले भी जा चुका है जेल
जानकारी के अनुसार आरोपी संजय खेस पहले भी गौमांस बेचते हुए पकड़ा जा चुका है। कुछ समय पूर्व पुलिस ने उसे संगम नगर क्षेत्र में गौमांस बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया था। उस समय उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया था। इस घटना के बाद तखतपुर में बड़े पैमाने पर आंदोलन भी हुआ था। अब दूसरी बार फिर पकड़े जाने से नगर में आक्रोश है।
जन्माष्टमी पर भड़का जनाक्रोश
शनिवार को पूरे देश के साथ तखतपुर में भी जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास से मनाया जा रहा था। हांडी फोड़ समेत विभिन्न धार्मिक आयोजन की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच गौमांस बिक्री की सूचना से लोग गुस्से में आ गए और बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए आरोपियों को थाने लाकर भीड़ को शांत कराया।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और जब्त किए गए मांस की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
प्रधान संपादक


