Explore

Search

October 19, 2026 3:13 pm

सात लाख लेकर मामला खत्म करने का दबाव, मना करने पर दुष्कर्म पीड़ित से मारपीट

बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़ित युवती से मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़िता को सात लाख रुपये लेकर केस वापस लेने का दबाव डाला। मना करने पर उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय युवती ने शिकायत में बताया कि उसने मगरपारा निवासी समीर खान के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इस पर पुलिस ने समीर के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था, जो न्यायालय में विचाराधीन है। युवती ने बताया कि 21 मार्च की शाम करीब चार बजे वह मन्नू चौक के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान समीर खान, इरफान और उसका जीजा इमरान वहां पहुंचे और उसे रोक लिया।

तीनों ने युवती को केस वापस लेने का दबाव बनाया। मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज की और धमकाया। इसके बाद उन्होंने उसे सात लाख रुपये लेकर केस खत्म करने का प्रस्ताव दिया। जब युवती ने इस पर भी इनकार किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद युवती ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने समीर, इरफान और इमरान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS