Explore

Search

April 26, 2026 6:52 am

अवैध शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पुलिस-प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

बिलासपुर, 3 मार्च 2025 – बिलासपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना कोनी क्षेत्र के घुटकू गांव में अवैध रूप से शराब निर्माण और बिक्री करने वाले केदार लोनिया के मकान को बुलडोजर से धराशायी कर दिया।

पुलिस और प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की रिपोर्ट पर जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए यह सख्त कदम उठाया। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर तहसीलदार श्रद्धा सिंह के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने घुटकू गांव में कार्रवाई की।

केदार लोनिया और उसके परिवार द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्का मकान बनाया गया था, जिसका उपयोग वह अवैध शराब निर्माण और बिक्री के लिए करता था।

केदार लोनिया पर दर्ज हैं कई मामले

थाना कोनी और अन्य क्षेत्रों में केदार लोनिया एवं उसके परिवार के खिलाफ कुल 19 प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री के मामले शामिल हैं। लंबे समय से इस अवैध धंधे में लिप्त रहने के कारण उस पर पहले भी कई बार कार्रवाई की गई, लेकिन वह अपनी गतिविधियों से बाज नहीं आ रहा था।

गांव में अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई जारी

प्रशासन ने इस कार्रवाई के दौरान यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। घुटकू गांव में और भी ऐसे लोगों की पहचान की गई है जो अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जल्द ही उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक की सख्त चेतावनी

एसपी रजनेश सिंह ने कहा कि अवैध रूप से शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों के खिलाफ पुलिस अब कड़ी कार्रवाई करेगी। उनकी अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर नष्ट किया जाएगा और उनकी संपत्तियां जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी

इस कार्रवाई के दौरान कोनी थाना प्रभारी नवीन देवांगन, राजस्व निरीक्षक होमेश्वर प्रताप सिंह, पटवारी सूर्य प्रकाश शुक्ला, अमित तिर्की, कोटवार और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था।

कलेक्टर की जनता से अपील

कलेक्टर आईएएस अवनीश शरण ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें, ताकि समाज में कानून व्यवस्था और शांति सुनिश्चित की जा सके। पुलिस और प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने संतोष जताया है और इसे एक सकारात्मक कदम बताया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS