शहर में गूंजे सरकार विरोधी नारे, पुलिस से बचते हुए कांग्रेसियों ने जलाया पुतला
जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) के नेतृत्व में 1 मार्च को नेहरू चौक में केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी और केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता एकत्र हुए और “ईडी मुर्दाबाद”, “केंद्र सरकार होश में आओ”, “तानाशाही नहीं चलेगी”, “प्रजातंत्र बचाना है – भाजपा को भगाना है” जैसे नारे लगाते हुए नेहरू चौक पहुंचे।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस पहले से ही मुस्तैद थी और कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी रणनीति से पुलिस को चकमा देकर सफलतापूर्वक पुतला दहन कर दिया। पुलिसकर्मी जलते हुए पुतले को बुझाने के लिए पानी लेकर दौड़ते रहे, लेकिन कार्यकर्ताओं ने जलते हुए पुतले को घुमाकर प्रदर्शन को सफल बनाया।

भाजपा सरकार पर जमकर बरसे विजय पांडेय
इस मौके पर कांग्रेस शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष के खिलाफ दमनकारी नीति अपना रही है। उन्होंने कहा,
“भाजपा प्रजातांत्रिक मर्यादाओं को तोड़ रही है। छत्तीसगढ़ सहित देशभर में कांग्रेस नेताओं को ईडी, सीबीआई और आईटी के जरिए परेशान किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की जासूसी कराई जा रही है। यह सब भाजपा की हताशा और उसकी एक साल की विफलता को दर्शाता है।”

उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर भी सरकार को घेरा और कहा कि राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं, छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म, हत्या, लूट, साइबर क्राइम जैसी घटनाएं आम हो गई हैं।
ईवीएम से जीत, बैलेट से हार – भाजपा की चिंता बढ़ी

विजय पांडेय ने कहा कि भाजपा ईवीएम के जरिए शहरी क्षेत्रों में जीत जरूर गई, लेकिन त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बैलेट पेपर से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा,
“भाजपा ने धन-बल का दुरुपयोग कर विधानसभा चुनाव तो जीत लिया, लेकिन उनके मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद अपने गृह क्षेत्र कुनकुरी में हार गए। कई मंत्री और विधायकों के परिजन भी चुनाव हार गए। भाजपा इस हार को स्वीकार नहीं कर पा रही है, इसलिए कांग्रेस नेताओं को जांच एजेंसियों में उलझाकर अपना राजनीतिक खेल खेल रही है।”
प्रजातंत्र कमजोर मत करो वरना खुद धराशायी हो जाओ – कांग्रेस
विजय पांडेय ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रजातंत्र की जड़ें इतनी कमजोर न करें कि वह टूट जाए और खुद भी धराशायी हो जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की इन नीतियों का विरोध जारी रखेगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन में ये नेता रहे मौजूद
इस प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष विजय पांडेय, पूर्व महापौर रामशरण यादव, राजेंद्र साहू, शिवा मिश्रा, पंकज सिंह, जितेंद्र पांडेय, राकेश शर्मा, प्रवक्ता ऋषि पांडेय, समीर अहमद, आशीष गोयल, विनोद साहू, सुभाष ठाकुर, अशोक सूर्यवंशी, चंद्रहास केशरवानी, शहजादी कुरैशी, रमाशंकर बधेल, सीमा घृतेश, स्वर्णा शुक्ला, शारदा नागरकर, सुदेश नंदिनी, मोह. हफीज, सरजू बर्मन, कमल गुप्ता, राजेश ताम्रकार, मनोज सिंह, देवदत्त शर्मा, उमेश कश्यप, बालचंद साहू, गौरव एरी, अखिलेश गुप्ता, संजय यादव, अजय काले, राज कुमार यादव, पवन साहू, मोह. अयूब, रमेश गुप्ता, घनश्याम कश्यप, देवेंद्र मिश्रा, सुरेंद्र तिवारी, किशन पटेल, शेर सिंह कश्यप, हैरी डेनियल, संतोष पिप्पलवा सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Author: Ravi Shukla
Editor in chief