अधिकारियों-कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का किया सामूहिक वाचन, बाबा साहेब को अर्पित किए श्रद्धासुमन
Cbn36 बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के बिलासपुर स्थित मुख्यालय में गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमसंघ प्रतिनिधियों ने संविधान के प्रति अपनी आस्था और प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान एसईसीएल के निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ उद्देशिका को दोहराते हुए संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों एवं आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास एवं निदेशक तकनीकी-सह-योजना एवं परियोजना नृपेंद्र नाथ सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नागरिकों को संविधान के महत्व, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है।
एसईसीएल मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण करते हुए संवैधानिक आदर्शों के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
प्रधान संपादक