Explore

Search

November 25, 2026 9:12 pm

एसईसीएल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 42वां स्थापना दिवस

राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : हरीश दुहन

पूर्व सीएमडी एवं पूर्व निदेशकों ने साझा किए अनुभव, कंपनी की भावी प्रगति पर हुआ मंथन; उत्कृष्ट कार्यों के लिए 13 पुरस्कार प्रदान

CBN36 बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का 42वां स्थापना दिवस बुधवार, 25 नवंबर को कंपनी मुख्यालय बिलासपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दो दिवसीय समारोह के दूसरे दिन आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कंपनी के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों एवं पूर्व निदेशकों की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान एसईसीएल की विकास यात्रा, उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना कंपनी का सर्वोपरि दायित्व है। एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा में पूर्व नेतृत्व और कोयला कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना होगा। टीम एसईसीएल की क्षमताओं पर विश्वास जताते हुए उन्होंने सामूहिक प्रयासों से निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने और कंपनी को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र तथा निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में एसईसीएल के पूर्व सीएमडी एम.एन. झा, एम.के. थापर, एम.पी. दीक्षित, ए.के. सिंह, ओम प्रकाश, बी.आर. रेड्डी और प्रेम सागर मिश्रा सहित कई पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। पूर्व निदेशकों ने भी संस्थान से जुड़े अपने अनुभव और स्मृतियां साझा कीं।

इससे पहले मुख्यालय परिसर में सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशक मंडल एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ शहीद स्मारक, डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा और श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ध्वजारोहण, कॉर्पोरेट गीत और आकाश में गुब्बारे छोड़कर स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ किया गया।

समारोह का प्रमुख आकर्षण ज्ञान साझा सत्र रहा। इसमें पूर्व सीएमडी और पूर्व निदेशकों ने एसईसीएल में अपने कार्यकाल के अनुभव, नेतृत्व से जुड़ी चुनौतियों और कंपनी की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार रखे। खुले संवाद के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्व नेतृत्व से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।

स्थापना दिवस के अवसर पर शाम को वसंत विहार खेल मैदान में सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट का आयोजन किया गया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन और विशेष योगदान के लिए कुल 13 पुरस्कार प्रदान किए गए। स्वच्छता पखवाड़ा 2026, विशेष अभियान 6.0, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक, सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष, व्यक्तिगत उत्कृष्टता एवं विशेष योगदान जैसी श्रेणियों में सम्मान दिए गए। सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए श्रद्धा महिला मंडल को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एसईसीएल संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति तथा सिस्टा, कौंसिल एवं ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS