स्ट्रीट लाइट के नीचे सजी थी जुए की महफिल, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा; 11,240 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त
Cbn36 लवन। नगर में सार्वजनिक स्थानों पर बेखौफ चल रहे जुए के खेल पर लवन पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 11,240 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 24 नवंबर को थाना लवन पुलिस को मुखबिर से जुआ खेलने की सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर जुआ खेल रहे लोगों को धर दबोचा।
पहली कार्रवाई में छह जुआरी गिरफ्तार
पुलिस की पहली कार्रवाई लवन नगर के वार्ड क्रमांक 10 में हुई। यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 5,500 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय जायसवाल (26), दीपक साहू (22), रामेश्वर साहू (28), ज्ञानेश्वर चतुर्वेदी (21), अरुण कोसले (29) और सत्यराज घृतलहरे (23) शामिल हैं। सभी आरोपी लवन नगर के अलग-अलग वार्डों के निवासी हैं।
दूसरी दबिश में भी छह आरोपी पकड़ाए
इसी दिन पुलिस को दूसरी सूचना लवन तालाब पार, वार्ड क्रमांक 10 स्थित ट्रांसफार्मर के पास बिजली खंभे की लाइट के नीचे जुआ खेलने की मिली। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छह आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। इनके पास से 5,740 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
दूसरी कार्रवाई में रामप्रसाद वर्मा (48), रामस्नेही वर्मा (32), इन्द्र कुमार वर्मा (33), राजेश जायसवाल (40), लक्ष्मण साहू (55) और तुलाराम घृतलहरे (54) गिरफ्तार किए गए। इनमें लवन सहित आसपास के गांवों के निवासी शामिल हैं।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती
एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई कार्रवाई से जुआ खेलने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक