Explore

Search

November 25, 2026 6:11 pm

आरटीओ चालान के नाम पर साइबर ठगी का नया जाल! एक क्लिक और बैंक खाता हो सकता है खाली

फर्जी ओवर स्पीडिंग चालान SMS को लेकर बलौदाबाजार पुलिस अलर्ट, संदिग्ध APK फाइल से मोबाइल का डेटा और बैंकिंग जानकारी चोरी होने का खतरा

CBN36 बलौदाबाजार। साइबर ठगों ने अब आम नागरिकों को निशाना बनाने के लिए सरकारी चालान का सहारा लेना शुरू कर दिया है। वाहन चालकों के मोबाइल पर ‘RTO Notice’ और ‘Over Speeding Challan’ के नाम से फर्जी SMS भेजे जा रहे हैं। संदेश में चालान जमा करने या उसकी जानकारी देखने के लिए संदिग्ध लिंक दिया जा रहा है। जरा सी लापरवाही और एक क्लिक मोबाइल की सुरक्षा में सेंध लगाने के साथ बैंक खाते पर भी भारी पड़ सकता है। इस नए साइबर ठगी के तरीके को लेकर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने जिले के नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा लगातार साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने चेताया है कि साइबर अपराधी परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी लिंक के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ये संदेश अनजान मोबाइल नंबरों से SMS अथवा WhatsApp के माध्यम से भेजे जा सकते हैं।

एक क्लिक से मोबाइल में घुस सकता है खतरनाक मैलवेयर

पुलिस के अनुसार, फर्जी चालान संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करने से मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड हो सकती है। यदि कोई व्यक्ति बिना जांच-पड़ताल के इस फाइल को इंस्टॉल कर लेता है, तो संदिग्ध ऐप मोबाइल की संवेदनशील जानकारियों तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर सकता है। इसके जरिए SMS, OTP, बैंकिंग और UPI से जुड़ी जानकारियां साइबर अपराधियों के हाथ लगने का खतरा रहता है। नतीजतन, मेहनत की कमाई पर साइबर ठग हाथ साफ कर सकते हैं।

सरकारी चालान के नाम पर आए मैसेज को न समझें असली

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान नंबरों से आए चालान, पार्सल, बैंक या सरकारी योजनाओं से संबंधित संदिग्ध लिंक पर बिल्कुल क्लिक न करें। मोबाइल में अपने आप डाउनलोड होने वाली किसी भी अनजान APK फाइल को इंस्टॉल न करें और फोन की सेटिंग में ‘Install unknown apps’ विकल्प को नियंत्रित रखें। वाहन चालान की वास्तविक जानकारी के लिए केवल भारत सरकार के आधिकारिक परिवहन पोर्टल का इस्तेमाल करें। किसी भी परिस्थिति में अनजान लिंक पर अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग अथवा OTP संबंधी जानकारी साझा न करें।

ठगी हो जाए तो इंतजार नहीं, तुरंत करें शिकायत

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। जरूरत पड़ने पर नजदीकी पुलिस थाना, चौकी अथवा साइबर सेल से भी संपर्क करें।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का संदेश साफ है डिजिटल दुनिया में जल्दबाजी सबसे बड़ी चूक साबित हो सकती है। किसी भी सरकारी चालान के नाम पर आए अनजान लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जांचें। याद रखें, एक संदिग्ध क्लिक आपकी निजी जानकारी और जीवनभर की जमा पूंजी को जोखिम में डाल सकता है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर ठगों के मंसूबों को नाकाम करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS