Explore

Search

November 25, 2026 5:57 pm

बिजली शिकायतों का अभियान चलाकर करें निराकरण, सड़क मरम्मत में लाएं तेजी

कलेक्टर ने टीएल बैठक में धान खरीदी, पाइप्ड गैस कनेक्शन, भू-अर्जन और फसल क्षति सर्वे की समीक्षा की

CBN36 बिलासपुर, 25 नवंबर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज और जनसमस्याओं के निराकरण की समीक्षा करते हुए बिजली विभाग को टूटे एवं झूलते तारों, टेढ़े खंभों और ट्रांसफार्मर से जुड़ी शिकायतों का अभियान चलाकर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतें मैदानी समस्याओं का महत्वपूर्ण संकेत हैं। इनके आधार पर समस्या वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर आवश्यक सुधार कार्य किए जाएं।

बैठक में धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी केंद्रों में निगरानी समिति के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा। जिले के 22 केंद्रों में अब तक धान खरीदी शुरू नहीं होने पर उन्होंने वहां तत्काल खरीदी प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, ताकि व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन कर कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।

पाइप्ड गैस कनेक्शन के विस्तार की समीक्षा में बताया गया कि जिले में इस वर्ष 75 हजार कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित है। बिलासपुर में 40 हजार, जबकि तखतपुर और रतनपुर में आठ-आठ हजार कनेक्शन देने की योजना है। शहर में अब तक 2700 कनेक्शन हो चुके हैं। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों सहित सभी शासकीय संस्थानों को भी पाइप्ड गैस से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि पाइप्ड गैस के उपयोग से ईंधन की लागत में लगभग 30 प्रतिशत तक बचत हो सकती है।

भू-अर्जन के मामलों में कलेक्टर ने कहा कि जिन जमीनों का अर्जन और मुआवजा भुगतान हो चुका है, उन्हें अभियान चलाकर संबंधित विभागों के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराया जाए। जिन प्रकरणों में विभागों से भू-अर्जन की राशि प्राप्त हो चुकी है, उनमें एसडीएम तत्काल मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने शासकीय कामकाज में ई-ऑफिस और ई-फाइलिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। अधिकारियों के कार्य मूल्यांकन में ई-फाइलिंग की प्रगति को भी आधार बनाया जाएगा।

सड़क मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा आगामी मंगलवार को अपराह्न में की जाएगी।

फसल नुकसान के सर्वे को लेकर कलेक्टर ने खड़ी फसल और कटाई के बाद हुई क्षति, दोनों का आकलन करने के निर्देश दिए। किसानों को फसल नुकसान की सूचना हेल्पलाइन नंबर 14447 पर देने की जानकारी भी दी गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अधिकारियों ने राजस्व अधिकारियों को फसल क्षति के आकलन के संबंध में प्रशिक्षण दिया।

बैठक में विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय और शासकीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। वहीं, एनकॉर्ड समिति की बैठक में स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS