Explore

Search

November 18, 2026 1:15 pm

एम.जी. रोड चौपाटी पर अब मनमानी नहीं चलेगी!

“रात 9 से 1 बजे तक ही होगा संचालन, नियम तोड़ने वालों की चौपाटी होगी स्थायी रूप से बंद,ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने स्पष्ट किया कि चौपाटी संचालन के नाम पर किसी भी व्यक्ति को सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थान पर मनमानी करने की छूट नहीं ,यातायात में बाधा, अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त वैधानिक कार्रवाई”

CBN36 रायपुर।राजधानी रायपुर के एम.जी. रोड में संचालित रात्रिकालीन चौपाटियों की मनमानी पर लगाम कसने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने सख्त रुख अपनाया है। चौपाटियों के कारण सड़क पर लगने वाले जाम, बेतरतीब पार्किंग, फुटपाथ पर अतिक्रमण, गंदगी और स्थायी व्यापारियों को होने वाली परेशानियों को लेकर पुलिस, नगर निगम, व्यापारी संघ एवं चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

 यातायात सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एम.जी. रोड में चौपाटियों का संचालन निर्धारित नियमों और समय-सीमा के भीतर ही होगा। नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

रात 9 बजे से 1 बजे तक ही मिलेगी चौपाटी लगाने की अनुमति

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी चौपाटियां केवल रात्रि 9 बजे से 1 बजे तक ही संचालित होंगी। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही संबंधित स्थान पर चौपाटी लगाई जा सकेगी। किसी भी स्थायी दुकानदार पर दुकान जल्दी बंद करने का दबाव बनाने या विवाद करने की अनुमति नहीं होगी।

सड़क और फुटपाथ पर कब्जा किया तो होगी कार्रवाई

चौपाटी संचालकों को सड़क अथवा फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल लगाने तथा सार्वजनिक आवागमन में बाधा उत्पन्न करने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। ग्राहकों के दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था करना संचालकों की जिम्मेदारी होगी। मुख्य सड़क पर या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर वाहन खड़े कराने की अनुमति नहीं होगी।

गंदगी फैलाने वालों की भी खैर नहीं

सभी संचालकों को अपने प्रतिष्ठान एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई की जिम्मेदारी स्वयं उठाने के निर्देश दिए गए हैं। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। चौपाटी बंद करने के बाद संबंधित स्थान की सफाई सुनिश्चित करनी होगी। सड़क, नाली अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

स्थायी व्यापारियों को परेशान किया तो होगी सख्ती

बैठक में सामने आया कि कुछ चौपाटी संचालकों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग, कुर्सी-टेबल लगाकर अतिक्रमण, गंदगी फैलाने तथा स्थायी दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायतें मिल रही हैं। इससे व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने स्पष्ट किया कि चौपाटी संचालन के नाम पर किसी भी व्यक्ति को सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थान पर मनमानी करने की छूट नहीं दी जाएगी।

संयुक्त निगरानी में होगी कार्रवाई, चौपाटी भी हो सकती है स्थायी रूप से बंद

नगर निगम अधिकारियों को स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने तथा नियम तोड़ने वाले संचालकों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। व्यापारी संघ से भी सभी पक्षों के बीच समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा की गई।

बैठक में चौपाटी संचालकों ने निर्धारित नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन, अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग या गंदगी फैलाने की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अस्थायी चौपाटी को स्थायी रूप से बंद कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।

बैठक में ये अधिकारी एवं पदाधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक श्री रामकुमार बर्मन एवं श्रीमती स्नेहिल साहू, एसीपी श्री रमेश येरेवार, नगर निगम के नगर निवेशक श्री आभाष मिश्रा, जोन-2 कमिश्नर श्री पी.डी. घृतलहरे, ई.ई. श्री आशुतोष सिंह, एम.जी. रोड व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री महेन्द्र तलरेजा सहित संबंधित अधिकारी एवं चौपाटी संचालक उपस्थित रहे।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर का स्पष्ट संदेश है कि एम.जी. रोड पर चौपाटियों का संचालन नियमों के दायरे में ही होगा। आम नागरिकों की सुविधा, स्थायी व्यापारियों के हित, स्वच्छता और सुगम यातायात से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यातायात पुलिस एवं नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से लगातार निगरानी रखी जाएगी और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS