सतर्कता और सजगता से संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने में निभाई अहम भूमिका
CBN36 बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में संरक्षित रेल परिचालन के प्रति सतर्कता, सजगता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने वाले 10 रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले रेलकर्मियों में राकेश कुमार चौरसिया (सहायक लोको पायलट), पी.एस. राव (ट्रेन मैनेजर), प्रफुल्ल रंजन कुमार (जेई/पी.वे), अरुण कुमार (वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर), प्रेमलता (सहायक/सी एंड डब्ल्यू), दिलीप कुमार बर्मन (स्टेशन मास्टर), अनुराग कुमार गुप्ता (टीएम-IV/डीटीएम-11), जयराम कुमार (सहायक लोको पायलट), एस.के. पाठक (गेटमैन बीके-69) और विनोद कुमार (वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर) शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार, इन कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान असामान्य परिस्थितियों और संभावित खतरों की समय रहते पहचान कर सराहनीय कार्य किया। इनमें ट्रैक पर अचानक जेसीबी आने पर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को दुर्घटना से बचाना, ब्रेक वैन से धुआं निकलने और हॉट एक्सल की पहचान करना, रेल फ्रैक्चर देखना, वैगन में टूटे एवं लटकते कंट्रोल रॉड की जानकारी देना, चक्का टूटने की सूचना देना, ट्रेन में गंभीर ब्रेक बाइंडिंग की पहचान करना तथा ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना तत्काल अधिकारियों तक पहुंचाना जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा मॉक ड्रिल में भी कर्मचारियों ने सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में राकेश रंजन ने सभी कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों की सतर्कता, सजगता और कर्तव्य के प्रति समर्पण संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे कर्मचारी अन्य रेलकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक के. श्रीनिवास और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी मनीष अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक