
देशभर की 14 टीमों के 200 से अधिक प्रतिभागी दिखा रहे हैं अपनी प्रतिभा, लगातार चौथी बार बिलासपुर को मिली मेजबानी,4 नवंबर को होगा समापन एवं पुरस्कार वितरण
Cbn36 बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर स्थित एनई इंस्टीट्यूट रेलवे ग्राउंड में 15वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) बैंड प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर की 14 क्षेत्रीय रेलवे टीमों के 200 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता की मेजबानी लगातार चौथी बार बिलासपुर को मिलने से रेलवे सुरक्षा बल में उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री मुनव्वर खुर्शीद ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उप महानिरीक्षक-सह-मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री मोहम्मद साकिब सहित वरिष्ठ रेलवे अधिकारी, सुरक्षा बल के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न टीमों के प्रतिभागी अपनी संगीत प्रतिभा, बैंड वादन कौशल, अनुशासन और सामूहिक तालमेल का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। बैंड की मधुर धुनों और आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया।
इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों का चयन 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2026 में भागीदारी के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए विभिन्न अर्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त अधिकारियों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है। निर्णायक मंडल टीमों के वादन कौशल, अनुशासन, प्रदर्शन और आपसी समन्वय के आधार पर विजेताओं का चयन करेगा।
4 नवंबर को होगा समापन एवं पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता का समापन समारोह 4 नवंबर 2026 को शाम 6:45 बजे आयोजित किया जाएगा। इसमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समारोह में ब्रास बैंड और पाइप बैंड की विशेष प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
रेलवे सुरक्षा बल की इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्देश्य जवानों में अनुशासन, टीम भावना, सांस्कृतिक एकता और संगीत प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। साथ ही देशभर की विभिन्न क्षेत्रीय रेलवे टीमों के बीच आपसी समन्वय, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
प्रधान संपादक