Explore

Search

November 4, 2026 4:49 pm

छत्तीसगढ़ बनेगा देश का नया फिल्म हब, फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की तैयारी

Cbn36 रायपुर, 4 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों को फिल्म निर्माण के लिए आकर्षक बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने, नए शूटिंग स्थलों की पहचान करने और फिल्म निर्माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा हुई।

मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म शूटिंग की अपार संभावनाएं हैं। यहां के प्राकृतिक नजारे, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत तथा पर्यटन स्थल फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेशभर में शूटिंग के लिए उपयुक्त नए स्थानों की पहचान कर उन्हें विकसित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राज्य की मौजूदा फिल्म नीति को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने पर भी विचार किया गया। इसके साथ ही बहुप्रतीक्षित चित्रोत्पला फिल्म सिटी परियोजना को धरातल पर उतारने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। सरकार का प्रयास है कि फिल्म निर्माताओं को शूटिंग की अनुमति और अन्य प्रक्रियाओं में सरलता मिले, ताकि अधिक से अधिक फिल्म निर्माण कंपनियां छत्तीसगढ़ में शूटिंग के लिए आएं।

फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से प्रदेश में पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, युवाओं और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

बैठक में निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में तकनीकी सुविधाओं और प्रशिक्षण के विस्तार पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS