
साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, कृषि और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को मिला सम्मान
Cbn36 रायपुर, 3 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश की 36 विभूतियों एवं संस्थाओं को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण पुरस्कारों से सम्मानित किया। नवा रायपुर में आयोजित समारोह में साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, कृषि, समाजसेवा, जनजातीय उत्थान, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सहकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति, साहित्यिक विरासत, सामाजिक समरसता और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मान प्रदान किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान
आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के लिए धमतरी के डुमन लाल ध्रुव को शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। अहिंसा एवं गोरक्षा के क्षेत्र में कार्य के लिए दुर्ग जिले के विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी को यति यतनलाल सम्मान मिला।
खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोरबा की संजू देवी को गुण्डाधूर सम्मान तथा तीरंदाजी में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बालोद के टोमन कुमार को महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान से सम्मानित किया गया।
महिला उत्थान एवं जनजागृति के लिए गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान (लता नेताम) को मिनीमाता सम्मान दिया गया। वहीं सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के लिए कबीरधाम के सुखचंद भास्कर को गुरु घासीदास सम्मान प्रदान किया गया।
सहकारिता के क्षेत्र में बस्तर की प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट को ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार मिला। रंगकर्म के क्षेत्र में योगदान के लिए रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को हबीब तनवीर सम्मान प्रदान किया गया।
सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक क्षेत्र में योगदान के लिए बिलासपुर के तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान को पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान तथा हिन्दी साहित्य के लिए रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू को पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान से नवाजा गया।
पत्रकारिता, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी सम्मान
पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दी प्रिंट मीडिया के लिए रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रदान किया गया। हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए बरुण सखाजी और रसिका पांडेय को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए शिशिर रॉय चौधरी को मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार मिला।
शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के लिए डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को चक्रधर सम्मान, लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए रेखा जलक्षत्री को दाऊ मंदराजी सम्मान और छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए दुर्ग की साधना यादव को लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान प्रदान किया गया।
पंथी नृत्य के लिए सी.एल. रात्रे को देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार, छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए चंद्रभूषण वर्मा को खुमान साव सम्मान तथा पंडवानी कला के लिए चेतन लाल देवांगन को डॉ. तीज़न बाई सम्मान से सम्मानित किया गया।
कृषि, चिकित्सा और जनसेवा में योगदान का सम्मान
कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कबीरधाम के पुन्नीदास भट्ट को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया। आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा एवं शोध के लिए धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग को धन्वन्तरि सम्मान मिला।
मत्स्य पालन के क्षेत्र में बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार दिया गया। संस्कृत भाषा के लिए रायपुर के डॉ. बहुरन सिंह पटेल को राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
आदिवासी सेवा एवं आर्थिक उत्थान के लिए श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर को डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा पुरस्कार प्रदान किया गया। श्रम क्षेत्र में योगदान के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह, सीमेंट वर्क्स, सरकीपार को स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार मिला।
अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान प्रदान किया गया।
सिनेमा, साहित्य और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में सम्मान
हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक योगदान के लिए सैयद ताहिर अली (करन खान) को किशोर साहू सम्मान तथा निर्देशन के क्षेत्र में योगदान के लिए मोहन सुंदरानी को किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण प्रदान किया गया।
आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के लिए दुर्ग के दुर्गा प्रसाद पारकार को लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दिया गया। विधि के क्षेत्र में योगदान के लिए दिल्ली के कौस्तुभ शुक्ला और रायपुर के हेमन्त कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान मिला।
महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष एवं नारी उत्थान के लिए कांकेर की बुलबुल बैदया को माता बहादुर कलारिन सम्मान प्रदान किया गया। वहीं सामाजिक समरसता के क्षेत्र में योगदान के लिए रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल को महाराजा अग्रसेन सम्मान तथा साहित्य एवं काव्य के माध्यम से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए बालोद के जगदीश प्रसाद देशमुख को संत रविदास सम्मान दिया गया।
विदेश में रहकर सामाजिक कल्याण एवं अन्य क्षेत्रों में योगदान के लिए दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान प्रदान किया गया। रचनात्मक लेखन एवं हिन्दी भाषा के क्षेत्र में योगदान के लिए गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान से नवाजा गया।
ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में योगदान के लिए कबीरधाम के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय ‘सन्नी’ को चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार प्रदान किया गया।
राज्य अलंकरण समारोह में सम्मानित विभूतियों और संस्थाओं ने अपने कार्यों से छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया है। समारोह प्रदेश की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही नई पीढ़ी को समाजसेवा, संस्कृति संरक्षण और राज्य के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देने वाला अवसर बना।
प्रधान संपादक