CBN36 रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के खनिज साधन विभाग ने प्रदेश में खनिज विभाग के अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। विभाग ने 2 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर उप संचालक, खनि अधिकारी, सहायक खनि अधिकारी और खनि निरीक्षक संवर्ग के कुल 28 अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। सभी तबादले प्रशासनिक आधार पर किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न जिला खनिज कार्यालयों और संचालनालय, भौमिकी एवं खनिकर्म, नवा रायपुर में नई पदस्थापना दी गई है। स्थानांतरण के तहत कोरबा, दंतेवाड़ा, बिलासपुर, मुंगेली, राजनांदगांव, सरगुजा, बलौदाबाजार-भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, जगदलपुर, बीजापुर सहित कई जिलों में अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

आदेश के मुताबिक उप संचालक प्रमोद कुमार नायक को कोरबा से दंतेवाड़ा पदस्थ किया गया है। वहीं उप संचालक मीनाक्षी साहू और योगेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों की भी नई पदस्थापना की गई है।
खनिज अधिकारियों में शबीना बेगम, योगेश साहू, ज्योति मिश्रा, अनिल साहू, अवधेश बारिक, दीपक आनंद साहू और दयानंद तिग्गा सहित अन्य अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी तरह सहायक खनि अधिकारी संवर्ग में उमेश भार्गव, भरत लाल बंजारे, उत्तम खूंटे, दीपक तिवारी, बबलू पांडे, राहुल गुलाटी, सुभाष साहू, राकेश वर्मा और नेहा टंडन सहित अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। खनि निरीक्षक संवर्ग में भी अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है।
रिलीविंग के लिए नहीं करना होगा प्रतिस्थानी का इंतजार
खनिज साधन विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि संबंधित अधिकारियों को प्रतिस्थानी (रिलीवर) की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल भारमुक्त किया जाए। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्थानांतरण के लिए समन्वय में अनुमोदन प्राप्त किया गया है।

यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है। उप सचिव, छत्तीसगढ़ शासन, खनिज साधन विभाग के हस्ताक्षर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
प्रधान संपादक