Explore

Search

October 26, 2026 3:19 pm

हवाई सुविधा के लिए आज उल्टा मार्च, कई संगठनों ने दिया समर्थन

आंदोलन की सातवीं वर्षगांठ पर अनूठा प्रदर्शन, रनवे विस्तार और महानगरों तक सीधी उड़ान की मांग

CBN36 बिलासपुर। बिलासपुर में हवाई सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर चल रहे हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के आंदोलन की सातवीं वर्षगांठ पर आज अनूठा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। सुबह 11 बजे राघवेंद्र राव सभा भवन स्थित महाधरना स्थल से कलेक्ट्रेट तक उल्टा मार्च निकाला जाएगा। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शहर के कई सामाजिक, व्यापारिक और पेशेवर संगठनों ने अपना समर्थन दिया है।

जिला अधिवक्ता संघ, मर्चेंट एसोसिएशन, मल्टीप्लेक्स एवं व्यापारी संगठनों, जिला उद्योग संघ, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), होटल एसोसिएशन, क्रिकेट संघ, हॉकी संघ और रेलवे मेंस कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों एवं छात्र संगठनों ने आंदोलन के समर्थन की घोषणा की है। समिति ने सभी सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधियों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

सात साल बाद भी अधूरी हवाई सुविधाएं

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का कहना है कि सात वर्ष पहले शुरू हुए जन आंदोलन के बाद एक मार्च 2021 से बिलासपुर में हवाई सेवा शुरू हुई, लेकिन अब तक एयरपोर्ट का अपेक्षित विस्तार नहीं हो सका है। रनवे की लंबाई करीब 1500 मीटर होने के कारण यहां बड़े विमानों का संचालन संभव नहीं है। इसके चलते कई एयरलाइंस कंपनियां बिलासपुर से अपनी सेवाएं शुरू करने में असमर्थ हैं।

समिति लंबे समय से रनवे की लंबाई पहले 2200 मीटर और आगे चलकर 2800 मीटर तक बढ़ाने की मांग कर रही है। समिति के अनुसार, इसके लिए जमीन उपलब्ध हो चुकी है, लेकिन पिछले एक साल से इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं हुआ है।

स्थायी एटीसी टावर और नए टर्मिनल की मांग

समिति ने बिलासपुर एयरपोर्ट पर स्थायी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर और नए टर्मिनल भवन की आवश्यकता पर भी जोर दिया है। समिति का कहना है कि एयरपोर्ट जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास के बिना बिलासपुर को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलना मुश्किल है।

इसके अलावा, बिलासपुर से देश के चारों दिशाओं में कम से कम एक-एक महानगर तक सीधी उड़ान शुरू करने की मांग भी लंबे समय से की जा रही है। वर्तमान में दिल्ली के लिए सप्ताह में केवल चार दिन और कोलकाता के लिए दो दिन उड़ान उपलब्ध होने का दावा करते हुए समिति ने सेवाओं की सीमित उपलब्धता और अनियमित संचालन पर चिंता जताई है।

कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री को सौंपा ज्ञापन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, समिति के सदस्य और सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ता राघवेंद्र राव सभा भवन स्थित महाधरना स्थल पर एकत्र हुए और यहां से उल्टा मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचें ,प्रदर्शन के अंत में बिलासपुर कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा गया ।

समिति का कहना है कि उल्टा मार्च के माध्यम से बिलासपुर की हवाई सुविधाओं के विकास में हो रही देरी के प्रति शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

महाधरना भी जारी

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महाधरना भी जारी रहा। धरने में मनोज श्रीवास, रवि बनर्जी, विभूतिभूषण गौतम, बद्री यादव, प्रतीक तिवारी, शिरीष कश्यप, समीर अहमद, बबला, मजहर खान, गोपी राव, प्रकाश बहरानी, आशुतोष शर्मा, महेश दुबे, टाटा, देवेंद्र सिंह ठाकुर, ऋषिराज सिंह गौतम, रशीद बख्श, केशव गोरख, मोहन जायसवाल, विजय वर्मा, मोहसिन अली और सुदीप श्रीवास्तव सहित अन्य लोग शामिल रहे।समिति ने दोहराया कि बिलासपुर को पर्याप्त हवाई सुविधाएं मिलने तक उसका आंदोलन जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS