
दीपावली से पहले अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, आरोपी रुपेश अग्रवाल के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई
CBN36 जांजगीर-चांपा। दीपावली पर्व से पहले जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिर्रा पुलिस ने ग्राम बिर्रा में कार्रवाई करते हुए 75 हजार रुपये कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए हैं। मामले में आरोपी रुपेश अग्रवाल के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देश पर जिले में दीपावली के मद्देनजर जुआ-सट्टा और अवैध रूप से पटाखों के भंडारण पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। इसी अभियान के तहत बिर्रा पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पटाखे जब्त कर थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 147/2026, धारा 9(ख), विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत कार्रवाई की।
एसपी के निर्देश पर लगातार कार्रवाई
दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित खतरे को रोकने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की जा रही इन कार्रवाइयों के जरिए अवैध भंडारण और कानून का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने का प्रयास किया जा रहा है।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी बिर्रा राजीव श्रीवास्तव, एएसआई तिजराम जांगड़े, आरक्षक लक्ष्मी कश्यप, दीपक तिवारी, रामसाय साहू, साइबर प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, साइबर टीम एवं थाना बिर्रा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस का संदेश स्पष्ट है-त्योहारी सीजन में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधान संपादक