Explore

Search

October 17, 2026 9:05 pm

रबी फसलों की तैयारी में न हो कमी, खाद की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित करें : संभागायुक्त जैन

फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और कृषि उत्पादन बढ़ाने पर जोर, धान खरीदी सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों की तैयारियों की समीक्षा

CBN36 बिलासपुर, 17 अक्टूबर। संभागायुक्त सुनील जैन ने रबी फसलों की तैयारियों को लेकर कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने किसानों की जरूरत के अनुसार खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और कृषि उत्पादन के साथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में संभागायुक्त जैन ने दलहन, तिलहन सहित अन्य लाभकारी फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से पिछले वर्ष की तुलना में फसलवार रकबे, उत्पादन और उत्पादकता की समीक्षा कर प्रगति का आकलन करने को कहा। साथ ही रबी फसलों के लिए खाद की उपलब्धता और संभावित मांग को ध्यान में रखते हुए समय रहते आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। एकीकृत किसान पोर्टल में नए पंजीयन और कुल पंजीयन की जानकारी अलग-अलग अद्यतन रखने पर भी जोर दिया।

धान खरीदी की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

संभागायुक्त ने धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं और किसान पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने तथा संबंधित आंकड़ों में एकरूपता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन पर भी फोकस

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जैन ने उद्यानिकी फसलों का रकबा और उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों को होने वाले आर्थिक लाभ का आकलन करने को कहा। वहीं, पशुपालन विभाग को पशुधन विकास और विभागीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पशुपालकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। मत्स्य पालन विभाग से मछली उत्पादन बढ़ाने और मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।

समन्वय के साथ योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन जरूरी

संभागायुक्त जैन ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें। निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में डिप्टी कमिश्नर स्मृति तिवारी, हरिशंकर चौहान सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS