Explore

Search

October 17, 2026 9:06 pm

अगले वर्ष गणेश विसर्जन की झांकियां रिवर व्यू रोड से निकलेंगी, बैठक में बनी सहमति

कलेक्टर और एसएसपी की मौजूदगी में आयोजन समितियों व नागरिकों ने लिया निर्णय, नए मार्ग पर प्रशासन करेगा आवश्यक व्यवस्थाएं

CBN36 बिलासपुर, 17 अक्टूबर। शहर में गणेश विसर्जन की व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए आयोजन समितियों एवं नागरिकों ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अगले वर्ष से गणेश विसर्जन की झांकियां और प्रतिमाएं रिवर व्यू रोड मार्ग से निकाली जाएंगी। शनिवार को रिवर व्यू ग्राउंड में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में आयोजित बैठक में विचार-विमर्श के बाद नए मार्ग पर सर्वसम्मति बनी। हालांकि, इस वर्ष दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन पूर्व निर्धारित मार्ग से ही किया जाएगा।

बैठक में दुर्गा उत्सव आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों और नागरिकों ने शहर की यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विसर्जन मार्ग में बदलाव पर चर्चा की। उपस्थित लोगों ने रिवर व्यू रोड से झांकियां निकालने के प्रस्ताव पर सहमति जताई। उनका मानना है कि इससे लोगों को परिवार सहित झांकियों के दर्शन करने का बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही मुख्य सड़कों पर भीड़ और यातायात का दबाव कम होगा तथा बाजारों में आवागमन और व्यापारिक गतिविधियां सुचारू बनी रहेंगी।

प्रशासन ने दिया सहयोग का भरोसा

कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने आयोजन समितियों एवं नागरिकों के सामूहिक निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि नए मार्ग पर विसर्जन की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। इसके तहत सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई जाएगी। आयोजन समितियों के साथ समन्वय कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

सामूहिक सहयोग से बेहतर होगा आयोजन

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बिलासपुर की गौरवशाली उत्सव परंपरा, आपसी सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखते हुए शहर की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप व्यवस्थाओं में बदलाव जरूरी है। सामूहिक सहमति और सहयोग से धार्मिक आयोजनों को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकता है। युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सभी आयोजन समितियों और नागरिकों से नए मार्ग की व्यवस्था को सफल बनाने तथा उत्सवों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की गई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS