Explore

Search

October 10, 2026 7:32 pm

क्राइम मीटिंग में एसपी के सख्त निर्देश, लंबित अपराधों के जल्द निराकरण पर जोर

2024-25 के लंबित मामलों के लिए चलेगा विशेष अभियान, त्योहारों पर हुड़दंगियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

CBN36 बलौदाबाजार, 10 अक्टूबर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिसिंग में कसावट लाने के लिए पुलिस अधीक्षक आईपीएस गौरव राय ने अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं। शनिवार को पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित क्राइम मीटिंग में उन्होंने वर्ष 2024 से 2025 तक के लंबित अपराधों और शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया। बैठक में जिले के राजपत्रित अधिकारियों के साथ सभी थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने कहा कि आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए थानों में उपलब्ध पुलिस बल का प्रभावी उपयोग किया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए। उन्होंने सीसीटीएनएस पोर्टल पर सभी प्रविष्टियां समय पर पूरी करने और विवेचना के दौरान ई-साक्ष्य का अनिवार्य रूप से संकलन करने के निर्देश भी दिए।

साइबर ठगी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम और ठगी की रकम की रिकवरी को लेकर भी चर्चा हुई। एसपी ने एमआरएम और जीआरएम पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई जरूरी है, ताकि पीड़ितों को राहत मिल सके और ठगी गई राशि की समय पर रिकवरी की जा सके।

पुराने मामलों के निराकरण के लिए चलेगा विशेष अभियान

एसपी राय ने लंबित अपराधों के साथ मर्ग डायरियों, शिकायतों और शिकायत जांच का भी शीघ्र निराकरण करने को कहा। विशेष रूप से वर्ष 2024 और 2025 के लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नवरात्रि, दशहरा और दीपावली पर रहेगी कड़ी निगरानी

आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और शांति व्यवस्था बाधित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों की सराहना

क्राइम मीटिंग में बेहतर पुलिसिंग, सजगता और उत्कृष्ट कार्य के लिए निरीक्षक प्रवीण मिंज और निरीक्षक परिवेश तिवारी के कार्यों की विशेष रूप से सराहना की गई। उनकी कार्यप्रणाली को अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक बताया गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा, एसडीओपी भाटापारा मयंक रणसिंह, उप पुलिस अधीक्षक कैम्प कसडोल कौशल किशोर वासनिक, डीएसपी यातायात संजय साहू, डीएसपी मुख्यालय राजेश श्रीवास्तव, डीएसपी यातायात मोनिका मरावी, एसडीओपी बलौदाबाजार उषा सोंधिया सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी और पुलिस कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS