Explore

Search

October 9, 2026 9:01 pm

जूडो से विकसित होता है साहस, आत्मसंयम और अनुशासन : राज्यपाल रमेन डेका

बिलासपुर में 26वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर एवं कैडेट जूडो चैंपियनशिप का शुभारंभ, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सम्मानित

16 जिलों के 240 खिलाड़ी और प्रशिक्षक ले रहे हिस्सा, बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम बताया जूडो

CBN36 बिलासपुर, 9 अक्टूबर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि जूडो केवल एक खेल नहीं, बल्कि साहस, आत्मसंयम, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है। यह विपरीत परिस्थितियों में धैर्य और संतुलन के साथ चुनौतियों का सामना करना सिखाता है। विशेष रूप से बालिकाओं के लिए जूडो आत्मरक्षा और मानसिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है। राज्यपाल शुक्रवार को सरकंडा स्थित खेल परिसर में 26वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर एवं कैडेट जूडो चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ करने के बाद खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 जिलों से 240 खिलाड़ी और प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं।

छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के तत्वावधान में बिलासपुर जिला जूडो संघ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में राज्यपाल ने विभिन्न जिलों से पहुंचे बालक-बालिका खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल हमें प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करना, जीत में विनम्र रहना और हार से सीख लेकर आगे बढ़ना सिखाते हैं। खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। आज राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने वाले खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ एशियाई खेलों तथा ओलंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।

कोंडागांव के खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव

राज्यपाल ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कोंडागांव जिले की जूडो खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि योगिता मंडावी को उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। हेमवती नाग ने खेलो इंडिया नेशनल गेम्स और ओपन नेशनल प्रतियोगिता में पदक हासिल किए हैं। वहीं रंजीता कोरेटी ने ताइवान में आयोजित एशियन कैडेट जूडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश की अन्य युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान

समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने जूडो में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले हेमवती नाग, अभिषेक जायसवाल, कुमारी शारदा गोस्वामी और योगिता मंडावी को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राज्यपाल ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की और सभी प्रतिभागियों को खेल भावना, अनुशासन तथा समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

जनप्रतिनिधि और खेल संघ के पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी, महासचिव शम्भू सोनी, बिलासपुर जिला जूडो संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला और जिला जूडो संघ के सचिव राजकुमार जायसवाल सहित खेल संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुशील मिश्रा ने किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS