Explore

Search

September 18, 2026 7:41 pm

नुक्कड़ नाटक से विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

CBN36 बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम पर स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026 अभियान चलाया जा रहा है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित इस अभियान के तहत स्वच्छता के साथ जनजागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के तहत शुक्रवार को ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के दूसरे दिन रेलवे स्कूल क्रमांक-1 एवं 2 के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वच्छता की शपथ ली। इसके बाद बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 स्थित डोम एरिया में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक का मंचन कर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

विद्यार्थियों ने अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से कचरे को स्रोत स्तर पर अलग-अलग डस्टबिन में डालने, कचरे के उचित निस्तारण और रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान यात्रियों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और फोर-वे सेग्रीगेशन के महत्व की जानकारी भी दी गई।

निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता में दिखा उत्साह

अभियान के अंतर्गत रेलवे स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी सोच और रचनात्मकता प्रदर्शित की। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे व्यक्तिगत जीवन और कार्यस्थल की दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

वर्षा जल संचयन का भी दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि वर्षा के पानी का संरक्षण भूजल स्तर को बनाए रखने और भविष्य में जल की उपलब्धता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस तरह विद्यार्थियों के माध्यम से यात्रियों और आमजन तक स्वच्छता के साथ पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS