Explore

Search

September 18, 2026 7:12 pm

पदक जीतने पर सम्मान के साथ नौकरी का भी अवसर : अमर अग्रवाल

18 जिलों के 570 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आगाज

CBN36 बिलासपुर। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे खेल को करियर के विकल्प के रूप में भी अपना रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकार प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित करती है। उत्कृष्ट खेल उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा का भी प्रावधान है। इससे खिलाड़ियों को भविष्य की सुरक्षा का भरोसा मिलता है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।

यह बात शहर विधायक अमर अग्रवाल ने शुक्रवार को स्व. बीआर यादव राज्य खेल प्रशिक्षण संस्थान, बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित 21वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय क्यूरुगी ताइक्वांडो प्रतियोगिता एवं दूसरी छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पुम्से ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 के उद्घाटन समारोह में कही।

उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक मजबूती, अनुशासन और आत्मविश्वास भी विकसित करता है। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार की ओर से खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी भी दी।

बहतराई में बढ़ेंगी खेल सुविधाएं

कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की। उन्होंने बहतराई में आने वाले समय में खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। ओलंपिक संघ के अध्यक्ष पंकज तिवारी ने शहर में बेहतर खेल मैदान और सुविधाओं की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अच्छे मैदान और प्रशिक्षण सुविधाएं मिलने से शहर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा और खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से शहर का नाम रोशन करेंगे।

जैन इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र सिंह राजपूत ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मंच संचालन महेंद्र सिंह ने किया।

क्यूरुगी और पुम्से में होगी प्रतिस्पर्धा

छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों से करीब 570 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, निर्णायक और टीम अधिकारी शामिल हो रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में क्यूरुगी (फाइट) और पुम्से (तकनीकी प्रदर्शन) की विभिन्न आयु और वजन वर्गों में मुकाबले होंगे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। सब-जूनियर और जूनियर बालक-बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी 2 से 4 अक्टूबर तक इंदौर, मध्य प्रदेश में होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ग्रामीण प्रतिभाओं को भी मिलेगा मंच

संघ के अध्यक्ष मनोज भिवगड़े ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में ताइक्वांडो को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रतियोगिता से खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित होगी।

उन्होंने बताया कि क्यूरुगी के साथ पुम्से को भी शामिल किया गया है, जिससे खिलाड़ियों को ताइक्वांडो की दोनों प्रमुख विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था

आयोजन समिति के अध्यक्ष रामदेव कुमावत ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षक, निर्णायक और टीम मैनेजर भी भाग ले रहे हैं। आयोजन समिति की ओर से आवास, भोजन, मैदान, चिकित्सा, तकनीकी और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

प्रतियोगिता का संचालन क्यूरुगी और पुम्से ताइक्वांडो के इंटरनेशनल रेफरी सुंदर पटेल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS