Explore

Search

September 18, 2026 6:02 pm

नाबालिगों की बाइक पर पुलिस की नजर, रसेड़ा स्कूल में 300 विद्यार्थियों को दी यातायात नियमों की सीख

नाबालिगों के वाहन चलाने और स्टंटबाजी से बचने की दी हिदायत, हेलमेट-सीटबेल्ट के इस्तेमाल पर जोर

CBN36 बलौदाबाजार। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और स्कूली विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की ओर से शुक्रवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रसेड़ा में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न नियमों और सावधानियों की जानकारी दी। दोपहिया वाहन चलाते समय गुणवत्तापूर्ण हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीटबेल्ट लगाने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने से बचने की समझाइश दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि यातायात नियमों का पालन स्वयं की ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।

नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक की दी जानकारी

पुलिस ने 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों को वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने, बाइक पर तीन सवारी बैठाने और सड़क पर स्टंट करने के खतरों के बारे में भी समझाया गया। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे वाहन चलाने की उम्र और नियमों का पालन करें तथा अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

ट्रैफिक सिग्नल और ई-चालान की समझाई प्रक्रिया

जागरूकता कार्यक्रम में सड़क पर लगे ट्रैफिक सिग्नल और विभिन्न यातायात संकेतकों के अर्थ बताए गए। पुलिस टीम ने सिटी सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों के जरिए यातायात नियमों के उल्लंघन पर होने वाली ई-चालान कार्रवाई की प्रक्रिया भी समझाई। विद्यार्थियों को सड़क पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।

राहवीर योजना और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

पुलिस ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद करने के लिए संचालित राहवीर (गुड समेरिटन) योजना की जानकारी दी। इसके साथ ही पीएम राहत योजना तथा आपातकालीन सहायता के लिए 112 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में एएसआई परमानंद गिलहरे, प्रधान आरक्षक भीम साहू, आरक्षक महेश भारती, विजय मिलन और रवि सिदार की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS