Explore

Search

September 18, 2026 5:22 pm

ड्रोन कैमरे ने खोला चेन चोरी का राज, फुटेज से पकड़ी गईं दो महिलाएं

“रथ मेला में भीड़ का फायदा उठाकर 2.50 लाख की सोने की चेन उड़ाई थी, संदिग्धों के फोटो निकालकर पुलिस ने शुरू की तलाश

CBN36 जशपुर। रथ मेला में महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने वाली दो महिलाओं तक पहुंचने में ड्रोन कैमरे से बनाए गए फुटेज ने अहम कड़ी का काम किया। मेला स्थल पर हुई वीडियोग्राफी के फुटेज को पुलिस ने खंगाला तो पीड़िता के आसपास संदिग्ध रूप से खड़ी महिलाएं नजर आईं। पुलिस ने फुटेज से उनके फोटो निकाले और पहचान के लिए प्रसारित किए। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने दो संदिग्ध महिलाओं को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनके कब्जे से करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन, कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये, बरामद की गई।

मामला दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम कस्तूरा में 16 जुलाई 2026 को आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेला का है। जशपुर निवासी सरमा देवी अपने परिजनों के साथ मेला देखने पहुंची थीं। मेले में अत्यधिक भीड़ के बीच किसी ने उनके गले से करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी कर ली। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 46/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मेला स्थल का ड्रोन फुटेज बना जांच का आधार

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना के समय मेला स्थल की ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की जा रही थी। पुलिस टीम ने ड्रोन संचालक से संपर्क कर घटना के दिन का वीडियो फुटेज हासिल किया। इसके बाद फुटेज को बारीकी से खंगाला गया।

पुलिस ने पीड़िता के आसपास मौजूद लोगों पर विशेष नजर रखी। फुटेज में कुछ महिलाएं पीड़िता के काफी करीब दिखाई दीं। पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं के फोटो फुटेज से निकालकर विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए और उनकी पहचान की कोशिश शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर सामने आए नाम

फुटेज की पड़ताल के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध महिलाओं में सोनिया बाई (30) और अनिता बाई (35), निवासी ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा, जशपुर शामिल हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों ने एक अन्य महिला साथी के साथ मिलकर भीड़ का फायदा उठाते हुए सरमा देवी के गले से सोने की चेन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चेन बरामद कर जब्त कर ली।

दो जेल भेजीं, तीसरी की तलाश जारी

पुलिस ने सोनिया बाई और अनिता बाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल एक अन्य महिला आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी पहचान कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

कार्रवाई में उप निरीक्षक सुनील सिंह, थाना प्रभारी दुलदुला, सहायक उप निरीक्षक सामुदान टोप्पो, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शेखर सिंह राजपूत, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैकरा, आरक्षक सपना इंदवार, आरक्षक आनंद खलखो समेत थाना दुलदुला के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS